रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में रायगढ़ के खर्राघाट को नया स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गुरुवार को खर्राघाट में करीब 29.99 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया।
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। सड़क सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण, पैदल पथ, घाटों का विकास और केलो नदी तट के सौंदर्यीकरण सहित कई कार्य प्रस्तावित हैं। वहीं खर्राघाट में लगभग 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा।
केलो नदी को नमन कर दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन किया। उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान के साथ आस्था और संस्कृति से भी जुड़ी है। नदी और उसके तटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए स्थायी विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। केलो नदी, घाटों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
ऑक्सीजोन में मिलेंगी स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधाएं
खर्राघाट में बनने वाला ऑक्सीजोन सिर्फ हरियाली तक सीमित नहीं रहेगा। यहां सघन पौधरोपण के साथ पार्किंग, पाथवे, घाट, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मॉर्निंग और नाइट वॉक के लिए भी बेहतर स्थान तैयार किया जाएगा। परिवारों के साथ समय बिताने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट भी बनाया जाएगा।
शनि मंदिर से खर्राघाट तक बदलेगी तस्वीर
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक सड़क का सुदृढ़ीकरण और उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ नालियां और पैदल पथ बनाए जाएंगे। पचरी घाट का नवीनीकरण कर उसे पाथवे से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का भी प्रावधान है। वित्त मंत्री ने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की ओर आगे मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में केलो नदी के पूरे तट का चरणबद्ध और व्यवस्थित विकास किया जा सकेगा।
दो साल में पूरा होना है प्रोजेक्ट
इस परियोजना के लिए CSR मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति दी गई है। कार्य की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है और इसका कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था। परियोजना को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रयास रहेगा कि काम निर्धारित समय से पहले पूरा कर नागरिकों को समर्पित किया जाए। रायगढ़ में आने वाले पांच वर्षों में 10 से अधिक ऑक्सीजोन विकसित करने के लक्ष्य की भी जानकारी दी गई। खर्राघाट का ऑक्सीजोन इसी योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।
सांसदों और महापौर ने भी रखे विचार
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए स्वच्छता और विकास को जनभागीदारी से जोड़ा जा रहा है। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने औद्योगिक गतिविधियों के बीच पर्यावरण संतुलन और हरित क्षेत्र बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि खर्राघाट रायगढ़ के प्रमुख नदी तटों में शामिल है। विकास कार्य पूरे होने के बाद नागरिकों को बेहतर घाट, हरित क्षेत्र, पैदल भ्रमण और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए नई सुविधाएं मिलेंगी।
‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
