रायगढ़ में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार : ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस की दबिश, 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। चक्रधरनगर पुलिस ने केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में छापा मारकर 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि वह एक युवती के जरिए देह व्यापार संचालित कर रहा था। मौके से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनाई कार्रवाई की योजना

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लिया है और वहां युवती के माध्यम से अनैतिक गतिविधियां संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई।

ग्राहक बनाकर भेजा पाइंटर, संकेत मिलते ही दी दबिश

पुलिस ने कार्रवाई के लिए पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के भीतर भेजा। तय संकेत मिलते ही बाहर तैनात पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मार दिया। तलाशी के दौरान गोविंद साहू मौके पर मिला। वहीं, एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलीं।

पूछताछ में सामने आई कथित गतिविधियों की जानकारी

पुलिस का कहना है कि युवती से पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक गतिविधि के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं, पूछताछ में गोविंद साहू ने पैसों की जरूरत के चलते इस काम में शामिल होने की बात बताई। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी ने अवैध गतिविधियों पर सख्ती के दिए संकेत

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Exit mobile version