रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ नगर सरस्वती शिक्षा मंदिर में आठवीं कक्षा की छात्रा आकांक्षा सेन की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। छात्रा की मौत को लेकर परिजनों और स्कूल प्रबंधन के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। परिजनों ने स्कूल में डांट-फटकार के बाद छात्रा द्वारा यह कदम उठाने की बात कही है, जबकि स्कूल की प्राचार्य ने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा है।
परिजनों ने स्कूल की भूमिका पर उठाए सवाल
छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि स्कूल में किसी बात को लेकर छात्रा को डांटा-फटकारा गया था और इसके बाद यह दुखद घटना हुई। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
स्कूल की प्राचार्य ने आरोपों पर दिया जवाब
वहीं, स्कूल की प्राचार्य ने परिजनों के आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि कुछ विद्यार्थियों द्वारा एक शिक्षक को लेकर टिप्पणी किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसी मामले में संबंधित बच्चों के अभिभावकों को स्कूल बुलाने की बात कही गई थी। प्राचार्य के मुताबिक, इसी घटनाक्रम के बाद छात्रा की मौत की जानकारी सामने आई। स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर अपने स्तर पर स्थिति स्पष्ट की है।
निष्पक्ष जांच से सामने आएगा सच
छात्रा की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि घटना से पहले स्कूल में वास्तव में क्या हुआ था और छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। एक ओर परिजनों के आरोप हैं, तो दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन का अलग पक्ष सामने आया है।
