राव हॉस्पिटल की फायर NOC में बड़ा फर्जीवाड़ा : लाइसेंस रद्द करने की तैयारी, संचालक एक महीने से फरार

रायपुर। आरंग स्थित राव हॉस्पिटल की फायर सेफ्टी NOC में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने अस्पताल संचालक को पंजीयन निरस्त करने से पहले 30 दिनों का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही अस्पताल को बंद करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर, अस्पताल संचालक राजू साहू के पिछले करीब एक महीने से फरार होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

NOC की जांच में सामने आई दस्तावेजों से छेड़छाड़

प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, अस्पताल के खिलाफ दर्ज एफआईआर और फायर सेफ्टी ऑडिट में मिली अनियमितताओं के बाद अग्निशमन विभाग तथा एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान 19 नवंबर 2026 को प्रस्तुत किए गए फायर सेफ्टी NOC से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेजों पर मौजूद QR कोड स्कैन करने के बाद कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। जांच में पाया गया कि कंप्यूटर के माध्यम से दस्तावेज में दर्ज जारी करने की तारीख 16 अप्रैल 2025 को बदलकर 16 अप्रैल 2026 कर दिया गया था। इसके अलावा ऐसे अधिकारी का नाम और हस्ताक्षर भी दस्तावेज में इस्तेमाल किए गए, जो संबंधित विभाग में पदस्थ नहीं हैं। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि राव हॉस्पिटल के नाम पर विभाग की ओर से कोई फायर सेफ्टी NOC जारी ही नहीं की गई थी।

नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई

कलेक्टर के नोटिस में अस्पताल प्रबंधन पर वैध अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने और कथित रूप से फर्जी सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इस मामले को छत्तीसगढ़ उपचर्यागृह एवं रोगोपचार संबंधी अधिनियम 2010 और उसके तहत बनाए गए नियम 2013 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है। इसी आधार पर अधिनियम के अध्याय दो के क्रमांक 09 (क), (1), (2) एवं (3) के तहत अस्पताल का पंजीयन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

मरीजों के उपचार और सुरक्षित डिस्चार्ज के निर्देश

प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी करने के साथ वहां भर्ती मरीजों के उपचार को लेकर भी निर्देश दिए हैं। अस्पताल में मौजूद मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और नियमानुसार उनकी छुट्टी की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी मरीज को परेशानी न हो। अब 30 दिनों की नोटिस अवधि में अस्पताल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद प्रशासन नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

CGPSC युवाओं के लिए CM साय की बड़ी घोषणा...

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में चेयरमैन की नियुक्ति और नई भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने...

400 एकड़ जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर का आरोप...

सक्ती। जिले के जैजैपुर ब्लॉक के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ शासकीय और निजी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर का मामला...

करियर ग्रोथ और कैडर रीस्ट्रक्चरिंग की मांग तेज :...

रायपुर। सेंट्रल GST विभाग में पदोन्नति और करियर ग्रोथ से जुड़ी समस्याओं को लेकर अधिकारियों ने देशव्यापी विरोध शुरू किया है। ऑल इंडिया एसोसिएशन...

महादेव सट्टा केस में ED का बड़ा एक्शन :...

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बैटिंग और सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को...