रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। भोपाल एम्स में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार में शोक के चलते शिवराज सिंह चौहान का शुक्रवार को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, काशी बाई का भोपाल एम्स में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। काशी बाई के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा जाना है। इसके बाद पार्थिव शरीर को सीहोर जिले के पैतृक गांव जैत ले जाया जाएगा, जहां दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार निर्धारित है।
रायपुर आने वाले थे शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का शुक्रवार को छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित था। तय कार्यक्रम के मुताबिक उन्हें शाम करीब 7 बजे रायपुर पहुंचना था। उनके आगमन को लेकर कार्यक्रम की तैयारियां भी की जा रही थीं। मां के निधन के बाद केंद्रीय मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
