राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव को रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस नेता ने महिला से दुष्कर्म करने के बाद उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। आरोपी ने महिला से कहा कि यदि किसी को इसके बारे में कुछ बताओगे को तुमको भी पीटा जाएगा। शुक्रवार को महिला ने शिकायत की, जिसके बाद कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया गया है। मामला चिखली चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव विकास गजभिये के खिलाफ चिखली थाने में एक विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उक्त व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी विकास दिग्विजय कॉलेज जनभागीदारी समिति का भी सदस्य है। चिखली पुलिस की टीम ने मामले की जांच की और दुष्कर्म की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस पर दबाव भी बनाया जा रहा था
विकास गजभिये लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ है। वह कई बड़े नेताओं के संपर्क में भी रहा है। मामला सामने आने के बाद उसे बचाने पुलिस पर राजनीतिक दबाव भी बनाया जा रहा था, पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ विधानसभा में उप चुनाव है। पूरे प्रदेश के भाजपा-कांग्रेस के नेताओं का अभी जिले में जमावड़ा है। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।