राजनांदगांव। गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान राजनांदगांव शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। झांकी देखने उमड़ी भीड़ के बीच पुलिस ने संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। इस दौरान 8 युवकों को चाकू के साथ पकड़ा गया।
हथियार लेकर घूमने वालों पर कार्रवाई
पुलिस की टीमों ने झांकी मार्ग और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी की। इसी दौरान सार्वजनिक जगह पर चाकू लेकर घूमते मिले 8 युवकों को हिरासत में लिया गया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 8 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने उन लोगों पर भी कार्रवाई की, जिनसे कार्यक्रम के दौरान शांति भंग होने की आशंका थी। ऐसे 11 लोगों के खिलाफ 9 प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कड़े भी बने पुलिस की नजर में
झांकी में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से हाथों में पहने जाने वाले लोहे और धातु के कड़ों को लेकर भी सख्ती दिखाई। पुलिस के अनुसार, 1000 से ज्यादा लोगों के कड़े निकलवाए गए, ताकि भीड़ के बीच किसी विवाद या हिंसक घटना में इनका इस्तेमाल न हो सके।
पड़ोसी राज्यों से भी पहुंचे लोग
राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी देखने के लिए आसपास के जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी दर्शक पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस की टीमें सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रहीं। गुंडा-बदमाश और निगरानी बदमाशों के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रही।
पुलिस जवानों को मिलेगा 500 रुपए का पुरस्कार
कार्रवाई के दौरान चाकू लेकर घूमने वालों को पकड़ने और बेहतर ड्यूटी करने वाले जवानों की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सराहना की। एसपी ने ऐसे जवानों को 500 रुपए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को इसी तरह सतर्क रहकर काम करने और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
