CG में राशन घोटाला : 450 परिवारों को 5 माह से नहीं मिला अनाज, लोगों में आक्रोश

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में राशन वितरण को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। मामला लखनपुर क्षेत्र के लटोरी ग्राम पंचायत का है, जहां सैकड़ों गरीब परिवार महीनों से सरकारी राशन से वंचित हैं।

450 परिवारों को 5 माह से नहीं मिला राशन

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत लटोरी के करीब 450 परिवारों को पिछले पांच महीनों से सरकारी राशन नहीं मिला है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि बीते एक साल से उन्हें चना और शक्कर का भी वितरण नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के सामने गंभीर खाद्य संकट की स्थिति बन गई है।

बायोमैट्रिक में अंगूठा, लेकिन राशन गायब

ग्रामीणों ने बताया कि फूड इंस्पेक्टर की लापरवाही के कारण हितग्राहियों से ऑनलाइन बायोमैट्रिक सिस्टम में अंगूठा लगवाया गया, लेकिन राशन नहीं दिया गया। कई लोगों के रिकॉर्ड में वितरण दिखाया जा रहा है, जबकि उन्हें वास्तविक रूप से खाद्यान्न नहीं मिला।

कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा आक्रोश

मामला उजागर होने के बाद भी संबंधित फूड इंस्पेक्टर के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और जल्द राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।

जांच की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए, ताकि भविष्य में गरीबों के हक का राशन कोई हड़प न सके। बताया जा रहा है कि मामला तूल पकड़ने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आया है।

Exit mobile version