भिलाई। भिलाई मेयर नीरज पाल ने अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश किया। तकरीबन 700 करोड़ रुपए वाले इस बजट में कई जरूरी प्रावधान किए गए हैं। सड़क, नाली, पानी के साथ-साथ अन्य जरूरी पहलुओं को टच किया गया है, जो शहरहित में जरूरी है। मेयर नीरज का यह बजट पहले सेशन में ही पारित हो गया। 2018 के बाद यह पहला मौका था, जब बजट पहले सत्र में पारित हो गया।

बजट में विपक्षी पार्षदों वशिष्ठ नारायण मिश्रा, रिकेश सेन, दया सिंह, पीयूष मिश्रा, विनोद समेत अन्य पार्षदों ने सवाल उठाया है। उनका कहना है कि, बजट में किन बातों का जिक्र किया गया है, यह समझ से परे है। क्योंकि बजट की कॉपी देरी से दी गई। यह ठीक नहीं है। बोलने का मौका नहीं दिया गया।
मेयर नीरज पाल ने कहा कि, बजट में सभी बातों का प्रावधान किया गया है। शहरहित में जो निर्णय हो सकते हैं, उन्हें शामिल किया गया है। विकास कार्यों के लिए राज्य और केंद्र सरकार से फंड लाएंगे। निगम आय को बढ़ाने के लिए हर मोर्चे पर काम कर रहा है। वो आने वाले दिनों में देखने को भी मिलेगा।
बजट की प्रमुख घोषणा
– भिलाई को कॉमर्शियल हब बनाया जाएगा
– स्वच्छता के लिए सालभर काम होंगे
– हेल्पलाइन सेवा शुरू करने की योजना
– सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 135 करोड़ रुपए का प्रावधान
– पीएससी और व्यापमं की परीक्षा तैयारी कराने अलग से निशुल्क कोचिंग का प्रावधान
– हुडको और छावनी के लोगों को पट्टा वितरण किया जाएगा
– वायु प्रदूषण कंट्रोल करने के लिए मॉनीटरिंग स्टेशन की सौगात
– ऑक्सीजोन निर्माण किया जाएगा शहर में
– सड़कों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए का प्रावधान
– भिलाई में 10 जगहों पर वाटर एटीएम लगाया जाएगा
– शहर में पांच जगहों पर धन्वंतरि स्कीम से मेडिकल स्टोर्स संचालित हैं, और बनाए जाएंगे
– खुर्सीपार में स्पोर्ट्स ऑडिटोरियम और कोहका में एस्ट्रोटर्फ बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण
– प्रियदर्शनीय परिसर में सब्जी मंडी को शिफ्ट किया जाएगा, अभी सुपेला में संचालित हो रहा है
– 126 उद्यानों का विकास किया गया है, आने वाले दिनों में और करेंगे
नगर पालिक निगम भिलाई (छ.ग.) बजट अनुमान 2022-2023 पर महापौर का अभिभाषण
माननीय अध्यक्ष महोदय
विश्व की सबसे बड़ी भगत सिंह की प्रतिमा का साक्षी यह शहर भिलाई जिसका अतीत अनेक विरासत, उपलब्धियों और नायकों से भरा पूरा है. यह मेरा सौभाग्य है कि मिनी इण्डिया के नाम से पुरे देश में विख्यात भिलाई शहर के प्रथम सेवक के रूप में इस शहर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मुझे मिला. इस नगर पालिक निगम भिलाई से मेरा नाता पिछले दो दशकों से रहा।
मैनें अपनी आँखों से इस नगर निगम की उपलब्धियाँ देखी, कार्यशैली देखी, चुनौतियाँ देखीं, उससे लड़ने का जज्बा देखा, मैनें हमारे कर्मठ अधिकारी-कर्मचारी देखे, कई अधिकारी कर्मचारी मेरे सामने सेवा निवृत्ति हुए. मैनें इस शहर की तीस वर्षों की राजनीती देखी, जनप्रतिनिधि देखे उनका जज्बा देखा, आज इनमें से बहुत से लोग हमारे बीच नहीं हैं, उन सभी को मैं नमन करता हूँ। एक लंबा अनुभव मेरा इस नगर निगम में सेवा देने का रहा, अध्यक्ष महोदय इस दौरान जो अनुभव रहा, वह यह है कि चाहे कोई भी पद हो, कोई भी संगठन या विचार हों, इस शहर के हर व्यक्ति ने केवल भिलाई का भला चाहा, इसे आगे बढ़ाने और बढ़ता देखने कि बात कही है. आज इस नगर निगम के सभागृह में कई नए चेहरे हैं।
युवा चेहरे हैं इसके पीछे भी एक बड़ी सोच और दृष्टिकोण है, जिसने ऐसा युवा नेतृत्व शहर में तैयार किया है. आज इस सदन में मेरे बहुत से पुराने साथी, आज साथ नहीं हैं. ईश्वर की नियति के सामने हम सभी नतमस्तक हैं मैं, उन सभी को नमन करता हूँ, बहुत से ऐसे साथी हैं जो चुनाव जीतकर सदन में नहीं पहुँच सके लेकिन उनकी भी भावनाओं का सम्मान रखने की जिम्मेदारी मेरी है।
आज इस शहर के प्रथम सेवक के रूप में इन सभी जनों की भावनाओं का सम्मान रखते हुए मैं काम करूंगा, यह विश्वास दिलाता हूँ।
अध्यक्ष महोदय, पिछले दो वर्ष पुरे विश्व के लिए चुनौती पूर्ण रहे, कोरोना महामारी के प्रकोप ने दुनिया की बड़ी बड़ी ताकतों को झुका दिया लेकिन यह कोरोना भी हमारा मनोबल कमज़ोर नहीं कर पूरा शहर इस महामारी के खिलाफ ताकत से लड़ा और एक विषम परिस्थिति से हम बाहर आए। इस दौरान इस महामारी ने हमारे बहुत से साथियों को हमसे छीन लिया, मैं इस सदन के माध्यम से उन सभी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ।
माननीय अध्यक्ष महोदय, मैं एक छोटा सा कार्यकर्ता जिसने जनसेवा की भावना लिए एक छोटी सी शुरुआत की थी, लेकिन मेरे नेता और इस प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी ने मुझे महापौर
के रूप में भिलाई की जनता की सेवा करने का अवसर दिया। मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी, माननीय गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू जी माननीय नगरीय निकाय मंत्री श्री शिव डहरिया जी, माननीय जिला प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद अकबर जी, माननीय दुर्ग लोकसभा से सांसद श्री विजय बघेल जी, माननीय भिलाई नगर विधायक श्री देवेन्द्र यादव जी माननीय वैशालीनगर विधायक श्री विद्यारतन भसीन जी, माननीय सभापति महोदय श्री गिरवर बंटी साहू जी सहित समस्त एम.आई.सी. सदस्य, पार्षदगण के प्रति आभार प्रकट करता हूँ।
सम्मानित साथियों,
पिछले तीन वर्षों में भिलाई में जो सार्थक बदलाव हुए हैं, प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी की कांग्रेस की सरकार आने के बाद रोजगार मूलक योजनाओं और आम आदमी के आय को ध्यान में रखते हुए काम किया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ की जन-भावना सर्वोपरि रही, मैं छत्तीसगढ़ की जन सरोकार से जुडी सरकार के पद चिन्हों का अनुसरण करते हुए बजट 2022-23 इस सदन के समक्ष रखता हूँ।
माननीय अध्यक्ष महोदय,
रामराज्य की कल्पना की बात हम कहते हैं. सबसे पहले इस देश में रामराज्य की बात महात्मा गांधी ने कही थी कि राम राज्य कैसा हो? रामराज्य सुशासन, सर्वधर्म संभाव, समान अधिकार एवं समान न्याय प्रणाली का प्रतीक होता है. रामराज्य सबसे प्रथम अपने कर निर्धारण के लिए जानी जाती है… इसके लिए तुलसीदास जी ने लिखा है
बरसत हरसत सब लखें, करसत लखे न कोय तुलसी प्रजा सुभाग से, भूप भानु सो होय’
यानी सरकार को टैक्स सूर्य की भांति लेना चाहिए जैसे सूर्य भाप के रूप में नदी, नालों, तालाबों सभी से छोटा छोटा अंश लेता है लेकिन किसी को पता नहीं चलता लेकिन जब उसी भाप को वर्षा के रूप में लौटाता हैं तब प्रत्येक जीव जंतु मानव उससे लाभान्वित होता है। ठीक उसी प्रकार हम टैक्स ऐसा लें कि किसी भी व्यक्ति की जेब में ज्यादा असर ना हो, लेकिन जब उसी टैक्स का इस्तेमाल जनता के हित में किया जाए, उससे पूल बनें, सड़क बने, स्कूल-कॉलेज बनें, शहर का विकास हो तो सबको पता चले और हर वर्ग उससे लाभान्वित हों. इस बार श्रीराम राज्य की कल्पना की मूर्तरूप देते हुए हमनें किसी भी प्रकार का अतिरिक्त कर ना लेने अथवा ना बढ़ाने का फैसला लिया है.
वर्ष 2022-23 हेतु नगर पालिक निगम भिलाई के अनुमानित बजट के प्रमुख बिंदु एवं आधार आप सभी के समक्ष प्रस्तुत करता हूँ।
माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर एवं माननीय गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू जी की अध्यक्षता में भिलाई
इस्पात संयंत्र द्वारा 169.75 एकड़ जमीन नगर पालिक निगम भिलाई को दिनांक 22 जनवरी 2022 को हस्तांतरित कर दी गई है। जो कि नगर निगम भिलाई के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी के निर्देश पर वर्षों से लंबित मांग के अनुरूप हुडको की रजिस्ट्री तथा छावनी में CSIDC की भूमि में पट्टा प्रदान करने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
भिलाई को कॉमर्शियल हब बनाने: भिलाई के शिल्पकार पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु ने इस शहर को औद्योगिक तीर्थ के रूप में विकसित किया और हमनें पूरी दुनिया में मिसाल कायम की। इस शहर के प्रबुद्धजनों ने इस शहर को एजुकेशन हब के रूप में तैयार किया जो अपनी कला संस्कृति और शिक्षा के लिए पुरे देश प्रदेश में विख्यात है।
आज समय आया है की भिलाई को एक नई पहचान दी जाए, भिलाई की नागरिकों को एक आदर्श शहर और तेजी से आगे बढ़ती इस दुनिया की दौड़ में समकक्ष खड़ा करने कुछ बड़े फैसले लिए जाने का समय है और इस फैसले कायह सदन साक्षी बनेगा, हमारे सभी पार्शद, सत्तापक्ष, विपक्ष, हमारे अधिकारी-कर्मचारी, इस सदन में उपस्थित मिडिया के साथी सभी इसके साक्षी बनेंगे।
आदरणीय साथियों, हमारे पास प्रियदर्शिनी परिसर, दक्षिण गंगोत्री से लेकर रविशंकर मार्केट तक कामर्शियल क्षेत्र है जिसके मध्य में यह नगर पालिक निगम कार्यालय भवन भी स्थापित है। जिसे भिलाई नगर स्टेशन के समीप भव्य नवीन नगर निगम भवन निर्माण कर इस पुरे क्षेत्र को कामर्शियल क्षेत्र के रूप में तैयार करने हेतु प्रस्तावित किया जाता है।
जिससे आने वाले समय में भिलाई इंडस्ट्रियल हब, भिलाई एजुकेशन हब, भिलाई कामर्शियल हब बनने की दिशा की ओर आगे बढ़ सके और आने वाले वर्षों में प्रदेश की सबसे बड़ी कामर्शियल प्लानिंग के रूप में स्थापित हो सके। आज राजधानी रायपुर मध्य प्रदेश, उडिसा, आंध्रप्रेदश और छत्तीसगढ़ चारों राज्यों का मुख्य व्यावसायिक केंद्र होने के साथ ही साथ मध्य भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक केन्द्र है। जिसके कारण भिलाई को व्यावसायिक हब बनने में मदद मिलेगी। आज भिलाई में प्रदेश का पहला मदर्स मार्केट बनकर तैयार हो चूका है। जिसके साथ ही प्रदेश की अत्यंत महत्वकांक्षी योजना सी-मार्ट जिसमें परम्परिक, कुटीर एवं लघु निर्मित उत्पादों का क्रय-विक्रय किया जायेगा। जिससे सभी वर्गों के उधमियों को लाभ मिल सकेगा।
हेल्पलाइन सेवाः मेयर हेल्पलाईन नंबर की शुरूआत की जावेगी, जिसमे की नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत विभिन्न समस्या जैसे कि पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण कर हितग्राही को फीडबैक मैकनेजिंग द्वारा कार्यवाही से अवगत कराया जावेगा।
स्वच्छताः यह बड़े ही गौरव की बात है कि भिलाई का प्रत्येक नागरिक शहर की स्वच्छता में अपना योगदान दे रहा है. हमारी जागरूक जनता सफाई कर्मियों, स्वच्छता दीदियों, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी की मेहनत का सुखद परिणाम रहा कि भारत सरकार के स्वच्छता सर्वेक्षण में भिलाई ने सदैव अपना स्थान सुरक्षित रखा है. जिसमें सन 2017 में भिलाई शहर ने ओ. डी. एफ. सूची तथा 2019 में ओ.डी.एफ. ++ में अपना नाम दर्ज कराया है। साथ ही ईस्ट जोन के अंतर्गत क्लीन सिटी में द्वितीय स्थान भी प्राप्त किया है, एवं जन जागरूकता पर स्कॉर्च अवार्ड (गोल्ड) से भी सम्मानित किया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 में पूरे भारत देश में 4237 शहरों में से मिलाई शहर 11वां स्थान प्राप्त कर महामहिम राष्ट्रपति महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। .एवं 2021 में नगर पालिक निगम भिलाई को कचरा मुक्त शहर हेतु 3 स्टार रेटिंग की उपाधी भी प्राप्त हुई।
मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूँ कि की स्वच्छ-सुग्घर और सुंदर भिलाई की लक्ष्य को पूरा करते हुए, भिलाई की जागरूक प्रबुद्ध जनता के सहयोग अधिकारी-कर्मचारी की मेहनत और जनप्रतिनिधियों के दम पर भिलाई देश का सबसे स्वच्छ शहर बनेगा।
आज पुरे भारत वर्ष में विभिन्न प्रकार के प्रदुषण यथा वायु प्रदुषण, जल प्रदुषण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एक जटील समस्या है जिस हेतु 15वें वित्त योग द्वारा प्रदत्त राशि के निम्नानुसार कार्य इस वर्ष के भीतर ही कराये जायेंगे।
• निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के पुनर्चक्रीकरण एवं प्रसंस्करण की इकाई निर्माण एवं परिवहन की
व्यवस्था हेतु राशि 2.00 करोड़ रूपये का व्यय प्रावधानित है।
• विभिन्न चिन्हीत स्थानों पर वायु प्रदुषण के नियंत्रण एवं वायु प्रदुषण मापक यंत्र DISPLAY हेतु CAAQMS (Continuous Ambient Air Quaility Monitoring Station) कंटीनिवेश एमबीएंट एअर क्वालिट मानिटेरिंग स्टेशन की स्थापना हेतु 2.50 करोड का व्यय प्रावधानित है।
वायु प्रदुषण नियंत्रण हेतु नगर निगम भिलाई अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण किया जावेगा जिस हेतु राशि 1.25 करोड़ रूपये का व्यय प्रावधानित है।
• नगर निगम भिलाई अंतर्गत चिनहित क्षेत्रों में मिस्टफाउंटेन स्थापित किया जावेगा जिस हेतु राशि
2.50 करोड़ का व्यय प्रावधानित है।
• प्रदुषण नियंत्रण में उपयोगी वाटर स्प्रे मशीन / रोड़ वाशिंग मशीन क्रय किया जायेगा जिस हेतु राशि 2.00 करोड़ रूपये का व्यय प्रावधानित है।
• ऑक्सी-जोन निर्माण कार्य किया जावेगा जिस हेतु राशि 2.00 करोड़ रूपये का व्यय प्रावधानित है।
• नगर निगम क्षेत्रांतर्गत क्षतिग्रस्त मार्गों के संधारण हेतु (सड़क मरम्मत दस्ता) गठित कर समय सीमा में निराकरण किया जावेगा जिस हेतु राशि 1.00 करोड़ रूपये का व्यय प्रावधानित है।
• 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रस्तावित राशि से डामरीकृत सड़कों का निर्माण किया जावेगा जिस हेतु राशि 5.00 करोड़ रूपये का व्यय प्रस्तावित है, एवं विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण हेतु 9.00 करोड़ रूपये प्रस्तावित है।
• पर्यावरण के अनुकूल सड़कों का निर्माण किया जावेगा जिस हेतु राशि 2.00 करोड़ रूपये का व्यय प्रस्तावित है।
• सिवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जावेगा जिस हेतु राशि रू 135 करोड का व्यय प्रस्तावित है। • फीकल सिवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जावेगा जिस हेतु राशि रू 1.50 करोड़ का व्यय प्रस्तावित है।
पेयजल आपूर्ति अमृत मिशन फेज 1 एवं फेज 2 का कार्य करते हुए भिलाई निगम क्षेत्रांतर्गत टंकीयो के निर्माण के साथ साथ (77 एमएलडी, 66 एमएलडी एवं 6 एमएलडी) जलशोधन संयंत्र का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिसके अंतर्गत कुल 396 कि.मी. वितरण पाइप लाइन 41.00 कि.मी. क्लीयर वाटर राइजिंग मेन पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही हमनें हमारे लक्ष्य 50580 नग में से 42605 घरेलू एवं 7975 नवीन नल कनेक्शन एवं मीटर लगाने का कार्य पूर्ण किया है एवं शेष बचे इंटर कनेक्शन का कार्य प्रगतीरत है.
हमारा प्रयास है कि भिलाई को शुद्ध एवं स्वच्छ जल की पूर्ति हो जिसके लिए नगर निगम क्षेत्र में 10 नग नये Water ATM. लगाये जायेंगे। जिसमें निःशुल्क शुद्ध जल प्रदाय किया जायेगा।
शिक्षाः भिलाईनगर निगम क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हमारा लगातार प्रयास जारी है जिसके अंतर्गत खुर्सीपार नवीनकॉलेज भवन, वृहद् ऑडिटोरियम का जीर्णोधार का कार्य सुचारू रूप से जारी है. राज्य शासन की योजना स्वामी आत्मानंद इग्लिश मीडियम स्कूल वर्तमान में भिलाई नगर निगम अंतर्गत 03 स्थान पर संचालित है। जिसमें अंतर्गत होने वाले विभिन्न विकास कार्य जैसे कि प्रायोग शाला निर्माण कार्य, नवीन भवन निर्माण, अतिरिक्त कमरा निर्माण, बैडमिटन कोर्ट निर्माण, बॉलीबॉल कोर्ट निर्माण, डोम शेड निर्माण, बास्केट बॉल कोर्ट निर्माण किया जा रहा है, एवं नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत अन्य शालाओं को अपग्रेड कर स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के रूप में परिवर्तित करने हेतु प्रयास किये जायेगे।
स्वास्थ्यः भिलाई के स्लम में रहने वाली हमारी माताओं-बहनों की स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए राज्य शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत संचालित दाई-दीदी क्लिनिक को नागरिकों द्वारा पसंद किया गया और इसकी सफलता को देखते हुए शासन की मदद से अतिरिक्त दाई- दीदी क्लिनिक कैम्प संचालित किए जायेंगे. शहर की जनता को दवाइयों में पड़ने वाले भार को कम करते हुए शहरभर में 05 (पॉवर हॉउस, कैंप 01, सेक्टर 09, शास्त्री मार्केट नंदिनी रोड, लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल) में श्री धन्वन्तरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर संचालित हैं. इस योजना का लाभ भी जनता को मिल रहा है. नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शहर के अन्य क्षेत्र में भी धन्वन्तरी मेडिकल स्टोर खोले जायेंगे।
खेलः अध्यक्ष महोदय एक समय था जब भिलाई की पूरी जनता पन्त स्टेडियम और जयंती स्टेडियम में आश्रित थी, लेकिन पिछले समय में हमनें सेक्टर 09, सेक्टर 05, सेक्टर 02, सेक्टर 01 हाउसिंग बोर्ड, श्रीराम चौक, शहीद वीर नारायण सिंह नगर ऐसे 07 से अधिक वृहद ग्राउंड तैयार किए स्पोर्ट्स कोम्प्लेक्स का कार्य पूर्ण हुआ खुर्सीपार में वृहद स्पोर्ट्स ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य जारी है. कोहका में एस्ट्रोटर्फ बैडमिन्टन कोर्ट बनाने जा रहे हैं.
भिलाई के खेल प्रेमियों एवं खिलाडियों की भावनाओं को देखते हुए अब आगे शांति नगर मैदान, गुरु घासीदास नगर मैदान, केनाल रोड स्थित दोनों मैदान, गर्ल्स स्कुल के पीछे स्थित मैदान, सेक्टर 04 मैदान, सेक्टर 06 मैदान, सेक्टर 10 मैदान एवं सेक्टर 07 मैदान और हुडको लाल मैदान को भी भव्य खेल प्रांगण के रूप में तैयार करने जा रहे हैं. शासन की राजीव गांधी युवा मितान योजना अंतर्गत भिलाई में भी मितान क्लब की स्थापना की जायेगी।
सब्जी मार्केट व्यवस्थापनः अध्यक्ष महोदय, जब हम भिलाई को कामर्
भिलाई के खेल प्रेमियों एवं खिलाडियों की भावनाओं को देखते हुए अब आगे शांति नगर मैदान, गुरु घासीदास नगर मैदान, केनाल रोड स्थित दोनों मैदान, गर्ल्स स्कुल के पीछे स्थित मैदान, सेक्टर 04 मैदान, सेक्टर 06 मैदान, सेक्टर 10 मैदान एवं सेक्टर 07 मैदान और हुडको लाल मैदान को भी भव्य खेल प्रांगण के रूप में तैयार करने जा रहे हैं. शासन की राजीव गांधी युवा मितान योजना अंतर्गत भिलाई में भी मितान क्लब की स्थापना की जायेगी।
सब्जी मार्केट व्यवस्थापनः अध्यक्ष महोदय, जब हम भिलाई को कामर्शियल हब के रूप में स्थापित
करने की बात कहते हैं तब हमारा सबसे प्राथमिक कार्य सुपेला सब्जी मार्केट का व्यवस्थापन है. बड़े लम्बे समय से मांग रही योजनाएं बनी लेकिन हमारी मंशा को मूर्तरूप नहीं मिल सका. आज कामर्शियल हब के लक्ष्य को पूरा करते हुए सुपेला सब्जी मंडी का व्यवस्थापन करते हुए प्रियदर्शिनी परिसर के पास नयीव्यवस्थित एवं सर्वसुविधा युक्त होल सेल सब्जी मंडी तैयार की जाएगी जहाँ व्यापारियों की सुविधा हमारी मुख्य प्राथमिकता होगी।
गार्डन एवं उद्यानिकी भिलाई के धरोहर शहीद पार्क को वैचारिक संस्था के रूप में विकसित किया जायेगा, आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह और हमारे शहीदों को समर्पित यह प्रांगण देशभक्ति के केंद्र के रूप में उभर कर आई है जिसे आगे बढ़ाते हुए इसे वैचारिक केंद्र बनाया जायेगा.
आज शहर में 126 से अधिक उद्यान तैयार किए जा चुके हैं जिनके रख-रखाव से साथ ही स्व-रोजगार के दृष्टीकोण से सभी उद्यानों में अस्थायी गुमटी तैयार किए जायेंगे, जिनका संचालन का जिम्मा महिला स्व-सहायता समूहों एवं दिव्यांगों को प्राथमिकता से दिया जायेगा, जिससे उद्यानों के रख-रखाव के साथ ही रोजगार सृजन किए जा सकेंगे साथ ही उद्यानों के रख-रखाव का जो आर्थिक व्यय भार निगम पर पड़ता है उसे कम किया जा सकेगा। एवं महिला सशक्तीकरण हेतु थीमेटीक पिंक टॉयलेट, पिंक गार्डन का निर्माण किया जायेगा।
राज्य प्रवर्तित योजनाः छत्तीसगढ़ की चिन्हारियों को सहेजने शासन की राज्य प्रवर्तित योजना में
भिलाई का योगदान सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से सेक्टर 02 छठ मैया शीतला तालाब, नेहरू नगर स्थित गुरु नानक देव जी भेलवा तालाब, खुर्सीपार बापूनगर तालाब से तर्ज पर सभी 36 तालाबों का संरक्षण, संवर्धन का काम किया जायेगा।
अधो. संरचना मदः अधो. संरचना मद अंतर्गत नवीन सडक निर्माण, भवन निर्माण, पेच रिपेरिंग वर्क (बीटी एवं सीसी) पूर्व में निर्मित जर्जर भवनों का संधारण, प्रकाश व्यवस्था, डोम शेड निर्माण कार्य, विभिन्न चौक-चौराहों का सौदर्यीकरण कार्य किया जायेगा।
युवाओं हेतुः राज्य शासन का बजट पेश करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी द्वारा पीएससी एवं व्यापम की परीक्षाओं की शुल्क माफ की गयी, इसकी जितनी तारीफ की जाए कम है.
माननीय मुख्यमंत्री जी के इस फैसले से प्रभावित होकर नगर निगम द्वारा भी निःशुल्क कोचिंग सेंटर्स संचालित किए जायेंगे, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं के तैयारी में जुटे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले बच्चों को निःशुल्क कोचिंग का लाभ मिल सके. इसी के साथ ही इंटरनेट, डिजिटल वर्ल्ड की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए श्री राम चौक खुर्सीपार एवं गुरु नानक सरोवर शीतला तालाब को फ्री वाई-फाई जोन बनाया जायेगा.
मार्ग सौन्दर्यीकरण: शहर की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सडक मार्गों को नए रूप में सौन्दर्यीकरण किया जायेगा जिसकी शुरुआत कर्मा चौक से परदेशी चौक एवं कर्मा चौक से राम नगर मुक्तिधाम तक, नेहरू नगर गुरुद्वारा मार्ग में किया जायेगा।
शहर की सुरक्षा शहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मुख्य चौराहे, सड़क, मोहल्ले और कनेक्टिविटी वाले क्षेत्र को CCTV से लैस किया जायेगा।
वेडींग जोन नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत पथ विक्रेता ठेला खोमचे लगाने वालों को चिन्हित कर वेडींग जोन निर्माण कार्य किया जायेगा।
फिट भिलाई मूवमेंट: भिलाई के नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने प्रति माह फिट भिलाई
मूवमेंट अंतर्गत विभिन्न खेल मनोरंजन एवं जन-जागरूकता से जुड़े आयोजन किए जायेंगे
नाम पट्ीका : नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत स्थित समस्त मकानों के रिकार्ड, संधारण हेतु नाम पटीका
लगाने का कार्य किया जायेगा।
इंदिरा प्लेस: पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी जी के नाम पर स्थापित भिलाई का हृदय स्थल जिसे भिलाई का कनॉट प्लेस भी कहा जाता है। उस सिविक सेंटर में नेहरु आर्ट गैलरी, ट्रेफिक पार्क, रथ पार्क क्षेत्र को नया रूप देते हुए वर्तमान ट्रेंड अनुसार तैयार करने और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट पार्किंग, टायलेट, रेस्ट एरिया साथ ही टॉय ट्रेन, लैंड स्केपिंग, मिनी राइड. ज्वाइंट व्हील एवं मोन्यूमेंट पार्क लाइट एंड साउंड शो, गेट वे, मोर्डन चौपाटी तैयार किए जायेंगे।
होर्डिंग फ्री सिटीः भिलाई शहर को होर्डिंग फ्री सिटी की ओर ले जाया जायेगा, जिस हेतु स्मार्ट एड पॉलिसी अंतर्गत युनिपोल, LED स्क्रीन को बढ़ावा दिया जाएगा
निगम दस्तावेजों का डिजिटलीकरणः नगर पालिक निगम भिलाई के पुराने दस्तावेजों, रिकॉर्ड को सहेजने हेतु दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया जायेगा, मार्च 2021 तक के रिकॉर्ड सहेजे जायेंगे एवं भविष्य में सभी दस्तावेज डिजिटल मेंटेन किए जायेंगे.
मूलभूत मद अंतर्गत नगर पालिक निगम भिलाई में विगत वर्षों में मूलभूत मद अंतर्गत कराये जाने वाले संधारण के प्रकृति के कार्यों की लागत राशि को शासन द्वारा प्राप्त पत्र का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए 3 लाख से बढ़ाकार 4 लाख किया जावेगा।
आयुक्त द्वारा प्रस्तुत अनुमानित बजट वर्ष 2022-23 में प्रारंभिक शिलक 12249.58 लाख एवं आय 41091.78 लाख इस प्रकार कुल 53301.36 लाख के विरूद्ध 52306.48 लाख का व्यय अनुमानित है, एवं 994.88 लाख बचत का अनुमान है। उपरोक्त प्रस्ताव पर महापौर परिषद पर चर्चा उपरान्त प्रारंभिक शिलक 12549.58 लाख एवं आय 60026.78 लाख इस प्रकार कुल 72276.36 लाख के विरूद्ध 71281.48 लाख का व्यय संशोधन एवं सुझाव के साथ 994.88 लाख अंतिम शिलक का अनुमान है।
अतः महापौर परिषद की बैठक दिनांक 16.03.2022 को पारित संकल्प के अनुसार नगर पालिक निगम भिलाई का बजट अंगीकार किये जाने हेतु सामान्य सभा के समक्ष प्रस्तुत है।
मैं अंत में मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी, माननीय गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू जी, माननीय नगरीय निकाय मंत्री श्री शिव डहरिया जी माननीय जिला प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद अकबर जी, माननीय दुर्ग लोकसभा से सांसद श्री विजय बघेल जी, माननीय भिलाई नगर विधायक श्री देवेन्द्र यादव जी, माननीय वैशालीनगर विधायक श्री विद्यारतन भसीन जी, माननीय सभापति महोदय श्री गिरवर बंटी साहू जी सहित समस्त एम.आई.सी. सदस्य, पार्षदगण माननीय जिला कलेक्टर महोदय, मनानीय आयुक्त महोदय एवं समस्त अधिकारी-कर्मचारीगण प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के समस्त सम्मानित पत्राकारगण एवं नगर के समस्त नागरिकों के भरपूर सहयोग की आशा एवं विश्वास के साथ मैं आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
आइए, हम सब मिलकर संकल्प ले कि एकजुट होकर नगर पालिक निगम भिलाई को सर्वश्रेष्ठ शहर के रूप में स्थापित करने एवं जनसहभागिता से भिलाई में विकास की चक्रगति तेजी से आगे बढ़े, और छ.ग. शासन की समस्त कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाने में अपना योगदान देगें इन्हीं संकल्पों और शब्दों के साथ अपनी वाणी को विराम देता हूं।
” यहां किस किस का करू मैं स्वागत, यहां किस किस का आभार करू हम सब मिलकर है एक परिवार, जिसके हर सदस्यों में है परस्पर प्यार हमारा रिश्ता है हर रिश्तों पर भारी, मैं हृदय से हूं आप सबका आभारी”
धन्यवाद….
जय हिन्द, जय भारत, जय छत्तीसगढ़