विजय जुलूस के दौरान हंगामा, कांग्रेसियों ने किया भाजपा नेता के घर पर पथराव, दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में नगर पालिका चुनाव के नतीजों के बाद जश्न का माहौल हिंसा में बदल गया। वार्ड क्रमांक 22 से कांग्रेस पार्षद राहुल यादव की जीत के बाद उनके समर्थकों द्वारा निकाले गए विजय जुलूस के दौरान पथराव की घटना सामने आई है। यह पथराव भाजपा के शहर महामंत्री संतोष राव के घर पर हुआ. इस घटना के बाद भाजपा की ओर से बड़ी संख्या में महिलाएं, कार्यकर्ता और नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष थाने पहुँचे और कांग्रेस पार्षद और उनके समर्थकों पर सख्त कार्रवाई की माँग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला। जुलूस जैसे ही भाजपा नेता संतोष राव के घर के पास पहुंचा, अचानक माहौल गरमा गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस हमले में घर की खिड़कियों और दीवारों को नुकसान पहुंचा, जिससे परिवार के लोग घबराकर घर के अंदर दुबक गए।

भाजपा के शहर महामंत्री संतोष राव ने इसे कांग्रेस की साजिश बताया। उन्होंने कहा, “पिछली बार भी राहुल यादव और उनके समर्थकों ने हमारे घर पर हमला किया था और इस बार फिर वही किया गया। यह पूरी तरह से सुनियोजित हमला था। लोकतंत्र में चुनाव जीतना और जश्न मनाना सभी का अधिकार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हिंसा की जाए।”

कांग्रेस पार्षद ने भाजपा के आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, कांग्रेस पार्षद राहुल यादव ने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा, “हम सिर्फ अपनी जीत का जश्न मना रहे थे, लेकिन जब हमारा डीजे गली में जाने लगा, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई, जिससे विवाद बढ़ गया।”

Exit mobile version