बेमेतरा। थान खम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरगा में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम के पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नोहर बल्लू पाल पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने जान से मारने की नियत से ब्लेड से गले पर संघातिक वार किया, जिससे उनकी श्वासनली तक गहरी चोट पहुंची है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब श्री पाल गांव में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में शामिल थे। हमले के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थानखम्हरिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज एम्स रायपुर में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा अस्पताल पहुंचे और पीड़ित तथा परिजनों का बयान दर्ज किया। साजा विधायक ईश्वर साहू भी देर रात अस्पताल पहुंचकर पूर्व सरपंच का हालचाल जाना। बताया जा रहा है कि आरोपी सरपंच का पुत्र जलेश है, जो नशे का आदी है। घटना के बाद से आरोपी पुलिस के चंगुल से बाहर है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि क्षेत्र में भय और असंतोष का माहौल भी उत्पन्न कर रही है।