CG
सूरजपुर/रामानुजनगर। सूरजपुर जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामानुजनगर एसडीएम अजय मोडीयम की सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर की परछी में जा घुसी और पलट गई। इस हादसे में एसडीएम, दो आरक्षक और ड्राइवर घायल हो गए हैं। गनीमत रही कि जिस वक्त कार घर में घुसी, उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था।

बाइक सवार को बचाने के फेर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर एसडीएम अजय मोडीयम शनिवार दोपहर अपने सरकारी वाहन से सूरजपुर जा रहे थे। गाड़ी में उनके साथ दो आरक्षक और चालक सवार थे। वाहन जब रामानुजनगर-कलुआ मार्ग पर ग्राम देवनगर के पास पहुंचा, तभी अचानक सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित एक मकान की परछी में घुसकर पलट गई।
जिला अस्पताल में भर्ती, सभी खतरे से बाहर
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे एसडीएम और अन्य स्टाफ को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल दूसरे वाहन से सूरजपुर जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, चारों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा काफी जबरदस्त था, कार घर के भीतर तक जा घुसी थी। राहत की बात यह रही कि घर का वह हिस्सा उस वक्त खाली था। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को मौके से हटाकर सूरजपुर ले जाया गया है।