दुर्ग में दो यूट्यूबर्स पर दूसरी FIR, वीडियो हटाने मांगे 2 लाख, महिला ने लगाया आरोप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में फंसे 2 यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। महिला के शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में दूसरी FIR दर्ज की है।

दरअसल, महिला ग्राहक सेवा केंद्र चलाती हैं। यूट्यूबर्स ने आरोप लगाया था कि वह ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर उनके अंगूठे का निशान लगवाकर खाते से पैसे निकाल लेती है। जबकि महिला का आरोप था कि यूट्यूबर्स ने बातचीत को तोड़-मरोड़कर वीडियो तैयार किया।

पीड़िता का कहना है कि सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के बदले यूट्यूबर्स ने 50 हजार मांगे। 35 हजार रुपए देने के बाद वीडियो तो हटा दिया गया, लेकिन फिर से 2 लाख रुपए की डिमांड की, न देने पर बदनाम करने और नए वीडियो जारी करने की धमकी दी।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी यूट्यूबर्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। हालांकि, दोनों ही आरोपी भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में जेल में हैं।

जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला का नाम नेहा मिश्रा है, जो उमदा की रहने वाली है और पिछले 5 सालों से वह गांव में ग्राहक सेवा केंद्र चलाती है। 25 जून को उसने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया है कि कुछ समय पहले सागर साहू अपने साथी पुष्पराज सिंह के साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके दफ्तर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने बात को गलत तरीके से दिखाकर वीडियो बनाया और उसे खबर के रूप में वायरल किया।

नेहा ने आरोप लगाया है कि 3 जून को वीडियो हटाने के बदले उनसे 50 हजार रुपए की मांग की गई। बदनामी के डर से उसने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपए आरोपियों को दे दिए। रकम मिलने के बाद वीडियो हटा दिया गया था।

2 लाख मांगे, नहीं देने पर नई वीडियो वायरल करने की धमकी

यह भी आरोप है कि बाद में आरोपियों ने नेहा से फिर 2 लाख रुपए की मांग की। पैसे न देने पर बदनाम करने और नए वीडियो जारी करने की धमकी दी गई। पैसे न देने पर आरोपियों ने 3 से अधिक अलग-अलग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इससे महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उन्हें अपने ग्राहक सेवा केंद्र जाने में भी शर्मिंदगी महसूस हो रही है। पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस बोली- जांच के बाद करेंगे आगे की कार्रवाई

पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद शुरुआती तौर पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

9 दिन पहले भी मामला दर्ज हुआ था

यह पहली बार नहीं है जब दोनों यूट्यूबर्स के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई है। करीब 9 दिन पहले भी उनके खिलाफ एक और मामले में केस दर्ज किया गया था। यह मामला महादेव सट्टा ऐप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर के कथित इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े वायरल स्क्रीनशॉट से संबंधित था। सोशल मीडिया पर वायरल स्क्रीनशॉट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से एक मैसेज दिखाया गया था, जिसमें लिखा था- “नंबर भेजो अपना, बात करना चाहते हैं।” इसी स्क्रीनशॉट के आधार पर दोनों यूट्यूबर्स ने खबरें वायरल की थीं।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

बिग ब्रेकिंग: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पूरे छत्तीसगढ़ में शुष्क...

रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आगामी 4 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में 'शुष्क दिवस' (Dry Day) रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश के...

रुंगटा पब्लिक स्कूल में ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ की धूम: नन्हें...

भिलाई। संजय रुंगटा इंस्टीट्यूशंस द्वारा संचालित रुंगटा पब्लिक स्कूल, भिलाई में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ 'ग्रैंडपेरेंट्स डे' का भव्य आयोजन किया गया।...

युवा कांग्रेस चुनाव: पूर्व CM भूपेश बघेल के गढ़...

भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस चुनाव के तहत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश...

रुद्र तिवारी ने जीता इंटर जोनल खिताब, DAV नेशनल...

दुर्ग। भिलाई ACC जामूल DAV के छात्र और प्रतिभाशाली बैडमिंटन खिलाड़ी रुद्र तिवारी ने रायपुर में आयोजित इंटर-ज़ोनल DAV स्कूल बैडमिंटन टूर्नामेंट (अंडर-17 कैटेगरी)...