वरिष्ठ नागरिक मंच कोहका का मनाया 12वां स्थापना दिवस, सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

भिलाई। वरिष्ठ नागरिक मंच कोहका का 12वां स्थापना दिवस समारोह सियान सदन, टाटा लाइन कोहका में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान श्रीगणपति एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा मंगलदीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होटल अमित इंटरनेशनल, भिलाई के संचालक सुभाष साव थे। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व सदस्य, क्रेडा छत्तीसगढ़ शासन विजय साहू, हेल्पएज इंडिया रायपुर के छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी श्री शुभंकर विश्वास, नगर पालिक निगम भिलाई के सभापति गिरवर बंटी साहू एवं प्रतिनिधि वार्ड पार्षद सुमन सागर सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष गजानंद साहू ने की।

मुख्य अतिथि सुभाष साव ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का आशीर्वाद सदैव मिलता रहा है और उनके स्नेह एवं मार्गदर्शन से सामाजिक कार्यों को निरंतर प्रेरणा मिलती है।

विशेष अतिथि विजय साहू ने कहा कि वे वरिष्ठ नागरिकों के सुख-दुख के अवसरों और उनके विभिन्न कार्यक्रमों में लगातार सहभागी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का व्यापक अनुभव और कार्य करने की ऊर्जा है। राज्य सरकार को उनके अनुभव एवं ऊर्जा का व्यापक उपयोग समाज और प्रदेश के विकास के लिए करना चाहिए।

समारोह के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा संगठन की सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भिलाई महासंघ की उपाध्यक्ष मंदा वाष्णिकर, बलवीर सिंह सहगल, जेआर साहू, बलविंदर सिंह, महेंद्र कुमार सोनवानी, श्री बाबूलाल साहू, श्री जोहनलाल साहू, युवराज साहू, अर्चना मूले, छाया विश्वकर्मा, डॉ. कांतीलाल विश्वकर्मा, मुकेश कुमार सहित कोहका के अध्यक्ष श्री दुलारदास, श्री शिवप्रसाद साहू, ईश्वरी साहू, श्रीमती त्रिवेणी साहू, अनंत राम वर्मा, मानी मानिकपुरी समेत सैकड़ों वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक योगदान, अनुभव और उनकी सक्रिय भूमिका के महत्व को रेखांकित किया।

Exit mobile version