रायपुर के होटल में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने प्रेमिका की चाकू घोंपकर की हत्या, फिर खुद का रेता गला; आरोपी गंभीर

रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार (14 अगस्त) की दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ होटल बंसल पैराडाइज के कमरा नंबर 401 में ठहरे प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुए विवाद के बाद युवक ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवती की जान लेने के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू चलाकर जान देने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची गंज थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मोहला-मानपुर की रहने वाली थी मृतका, आरोपी यूपी का निवासी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रिमन मंडावी के रूप में हुई है, जो राज्य के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले की निवासी थी। वहीं, आरोपी युवक की पहचान कृष्णा कुमार निवासी ग्राम मोहावन (दशनंतपुर गोसाई, जिला वाराणसी, उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है। दोनों रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में स्थित होटल बंसल पैराडाइज के कमरा नंबर 401 में ठहरे हुए थे।

चीखें सुनकर दौड़े कर्मचारी, खिड़की तोड़कर देखा तो उड़े होश

घटना शुक्रवार (14 अगस्त) दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच की है। होटल के कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की तेज आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर होटल स्टाफ तुरंत कमरा नंबर 401 के पास पहुँचा। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा लॉक था।

संदेह होने पर होटल स्टाफ ने कमरे की खिड़की तोड़ी और अंदर का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए। कमरे के अंदर युवक और युवती दोनों खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। होटल प्रबंधन ने बिना देरी किए इसकी सूचना गंज थाना पुलिस को दी।

आपसी विवाद में हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही गंज पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने जब कमरे में प्रवेश किया तो युवती की मौत हो चुकी थी, जबकि आरोपी युवक की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल कृष्णा कुमार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि वारदात से ठीक पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस या विवाद हुआ होगा। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी युवक ने धारदार चाकू से युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद का भी गला रेत लिया।

फिलहाल गंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोपी के होश में आने के बाद ही विवाद की असली वजह साफ हो पाएगी।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

CG में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियाँ पूरी: रायपुर में...

रायपुर: 79वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ भर में आयोजित होने वाले राज्य एवं जिला स्तरीय मुख्य समारोहों के लिए...

CG में ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला: देवर-भाभी का प्राइवेट...

CG बिलासपुर | मस्तूरी: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक...

पद्मश्री अनूप रंजन पांडेय को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार,...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध संस्कृतिकर्मी और पद्मश्री से सम्मानित अनूप रंजन पांडेय को गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संगीत नाटक...

CGPSC की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या,...

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की तैयारी के लिए कुछ दिन पहले अंबिकापुर आई 28 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।...