जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रूप से रकम लेकर आबकारी एक्ट के आरोपी को छोड़ने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने सख्त कार्रवाई करते हुए सारागांव थाने में पदस्थ एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक और एक प्रधान आरक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर को शराब के मामले में आरोपियों को 1.50 लाख रुपये लेकर छोड़ने की शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जांजगीर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी।

जांच के दौरान पता चला कि 4 नवंबर को आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत आरोपी गोपाल गोंड़ के मामले में सारागांव थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा रकम का लेन-देन किया गया था। सीएसपी की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद एसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
ये छह पुलिसकर्मी हुए निलंबित
निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े तथा आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन और गोवर्धन टाईगर शामिल हैं।
निलंबन अवधि के दौरान सभी पुलिसकर्मियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।