- लिस्टोमेनिया से निकलने वाले युवाओं का पुलिस से हुआ सामना
- देर रात तक चल रही थी पार्टी, लिस्टोमेनिया को लेकर सख्त है पुलिस प्रशासन
- एक दिन पहले ही पुलिस प्रशासन ने की थी लिस्टोमेनिया के खिलाफ कार्रवाई
- लिस्टोमेनिया क्लब में पार्टी में आए थे बाहर के लड़के-लड़कियां
- दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव संग पुलिस अधिकारियों ने किया फ्लैग मार्च
- 12 से अधिक चौक-चौराहों पर नाकेबंदी प्वाइंट लगाकर चलाया गया चेकिंग अभियान
- रात 1 बजे तक खुद एसपी ग्राउंड में दिखे, लोगों को देते रहे समझाइश
- नशा करने वालों पर सख्त दिखे पुलिस कप्तान
- रात में आवारा, घुमंतू, एवं असामाजिक तत्वों की सख्ती से की गई चेकिंग कार्रवाई
- तेज आवाज साइलेंसर, ट्रिपल सवारी, नशे में गाड़ी चलाने वालो का एल्कोहलिक टेस्ट कर, 100 से वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
- शहर के सभी बार में सरप्राइज चेकिंग
- देर तक खुले हुए 4 बार पर की गई कार्रवाई
भिलाई। दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव इन दिनों एक्शन में है। दुर्ग-भिलाई में इन दिनों रात्रि गश्त कर ग्राउंड में निकल रहे हैं। उनके साथ पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों की टीम होती है। जो सरप्राइज चेकिंग कर आसामाजिक तत्वों व नशाखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है। संडे रात को भी पुलिस कप्तान ग्राउंड में निकले। रात 11 बजे से लेकर रात 1 बजे तक कप्तान संग पुलिस अधिकारियों का काफिला निकला। सूर्या मॉल में संचालित होने वाले लिस्टोमेनिया में पार्टी कर नशे की हालत में कई युवा निकले। उनका सामना पुलिस कप्तान डॉ. पल्लव व अधिकारियों से हो गया। अधिकांश के नशे का लेवल हाई था।
कई तो बात करने की स्थिति में नहीं दिख रहे थे। वहीं पुलिस कप्तान संग पुलिस अधिकारियों ने सबकी क्लास ली। एल्कोहल लेवल जांच किया गया। कई के खिलाफ थाने में कार्रवाई की गई। इस रडार में टाउनशिप के एक कांग्रेसी पार्षद का पुत्र भी रडार में आ गया। पार्षद का ये पुत्र नशे की हालत में मिला। पहले तो एल्कोहल जांच करवाने से कतरा रहा था। जैसे-तैसे जांच के लिए माना और फिर सैंपल दिया। रिपोर्ट में यह खुलासा हो गया कि एल्कोहल लेवल हाई है।
उसे ड्राइव करने से रोका गया। लेकिन टाउनशिप में घर होने की वजह से वह जिद करने लगा और घर चला गया। उसके साथ एक पूर्व विधायक का सुपुत्र भी था। वह सीएसपी के साथ बहस करते देखा गया। बाद में एसपी ने समझाइश देते हुए उसे घर भेजा। दोनों महंगी कार रेंज रोअर में पहुंचे थे।
रात में क्या-कुछ हुआ, और भी जानिए
रात 11 बजे से पुलिस कप्तान डॉ पल्लव द्वारा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव व शहरी क्षेत्र के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारियों के अभियान के संबंध में चौकी स्मृति नगर में मीटिंग ली गई।
मीटिंग के बाद सभी अधिकारियों एवं 100 से अधिक जवानों के द्वारा 25 से अधिक गाड़ियों में शहर को सुरक्षित एवं अपराध मुक्त बनाने की दिशा में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व स्वयं एसपी दुर्ग ने किया। स्मृति नगर थाना क्षेत्र की गली , मोहल्लों ,तंग गलियों रिहायशी कॉलोनी, से होते हुए मॉल चौक पहुंचे। फ्लैग मार्च के दौरान खुले हुए दुकानों पर खुले होने का कारण पूछा गया, कारण संतोषजनक नहीं होने पर कार्यवाही हेतु नगर पालिका निगम को अलग से पत्र लिखा गया। क्षेत्र में फ़्लैग मार्च के माध्यम से आपराधिक तत्वों में ख़ौफ़ एवं आमजन में सुरक्षा का बोध आ सके व विज़ूअल पुलिसिंग का उदाहरण पेश करने के संबंध में यह अभियान लगातार जारी है ।
इसी दौरान शहर के सभी बारो को चेक किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान अधिक देर तक खुले रहने वाले बारो में अनियमितता पाए जाने पर कार्यवाही भी किया गया। इस संबंध में कुल 4 बार पर पंचनामा की कार्यवाही करते हुए उन्हें बंद करवाया गया जिसमें , प्रिंस बार, ऋषि बार, एवं गोल्डन बार* पर कार्यवाही भी किया गया।
इसके उपरान्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में समस्त अधिकारी व जवान जिसमें ट्रैफ़िक के अधिकारी जवान भी शामिल थे, मॉल चौक स्मृति नगर में फ्लैग मार्च करते हुए पहुँचकर चौक से गुजरने वाले समस्त प्रकार के वाहनो की चेकिंग रात्रि 11 बजे से रात्रि 1 बजे तक शहर के कुल 12 चौक जिसमें – सूर्या मॉल चौक, अवंती बाई चौक, जुनवानी चौक, कृष्णा पब्लिक चौक नेहरू नगर चौक, मुर्गा चौक सेक्टर 1, पुलिस पैट्रोल पंप सेक्टर 6 भिलाई, नेवई थाना के सामने, पटेल चौक दुर्ग, व्हायशेप ब्रिज, खुर्सीपार थाना के सामने, सिरसा गेट चौक भिलाई 3 पर चेकिंग कार्यवाही की गई, जिस पर 100 से अधिक जवानों के द्वारा नाकेबंदी लगाकर दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की चेकिंग कार्यवाही किया गया।
जिसमें 800 से अधिक आने जाने वाले दोपहिया एवं चार पहिया मुसाफिरों को हेलमेट/सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी गई। इसके अलावा 80 ऐसे दोपहिया/चार पहिया वाहन सवारो का एल्कोहलिक टेस्ट किया गया, अल्कोहल लिए जाने के संबंध में अलग से उनके ख़िलाफ़ तत्काल मोटर वेहिकल ऐक्ट के तहत कार्यवाही/ किया गया।