कोरबा। जिले में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के चोरका दांड में पेड़ के नीचे खड़े तीन किशोरों की पेड़ की भारी डाल गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए तीन युवक एक पेड़ के नीचे रुके हुए थे। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव के निवासी और आपस में साथी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी। वहीं हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। जिले के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तूफान का असर देखने को मिला। शाम होते-होते मौसम ने और विकराल रूप ले लिया, जिसके चलते यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

