रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। प्रवेश वर्ष 2026 के तहत बीएससी नर्सिंग सहित चार पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। इसके लिए राज्य काउंसिलिंग समिति ने नए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
संचालनालय चिकित्सा शिक्षा छत्तीसगढ़ के अनुसार, अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 28 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। स्ट्रे राउंड में शामिल होने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन की स्क्रूटनी और प्रवेश की प्रक्रिया 29 से 30 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

इन चार पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
स्ट्रे राउंड काउंसिलिंग के तहत चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग शामिल हैं।
दरअसल, इन पाठ्यक्रमों के लिए द्वितीय एवं तृतीय (मॉपअप) चरण की संयुक्त ऑनलाइन काउंसिलिंग 25 और 26 नवंबर को आयोजित की गई थी। इस प्रक्रिया के बाद बची हुई सीटों पर प्रवेश के लिए अब स्ट्रे राउंड कराया जा रहा है।
आरक्षित सीटों को अनारक्षित श्रेणी में किया गया परिवर्तित
राज्य काउंसिलिंग समिति के मुताबिक, संयुक्त चरण के बाद बची सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम 2026 के नियम 10 और 11 के तहत बदलाव किया गया है। इसके अनुसार सभी रिक्त आरक्षित सीटों को ‘अनारक्षित बिना संवर्ग’ में परिवर्तित कर दिया गया है।
नए आवेदन के लिए संबंधित पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटें अनारक्षित बिना संवर्ग की होंगी, जबकि शासकीय नर्सिंग महाविद्यालयों की सभी रिक्त सीटें अनारक्षित महिला संवर्ग की रहेंगी।
बीएससी नर्सिंग में 10 परसेंटाइल तक वाले भी कर सकेंगे आवेदन
राज्य शासन की अनुमति के बाद बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 10 परसेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से भी आवेदन लिए जाएंगे। हालांकि, यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर विजिट कर सकते हैं। राज्य काउंसिलिंग समिति ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे काउंसिलिंग से जुड़ी अपडेट के लिए वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।