बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का किसी दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के समान हो सकता है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है। फोन पर लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में दूसरे पुरुष को घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां भी मानसिक क्रूरता के आकलन में महत्वपूर्ण हो सकती हैं।
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने इस मामले में फैमिली कोर्ट के फैसले को पलटते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली। हाईकोर्ट ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।

1994 में हुई थी शादी, एक बेटा और दो बेटियां
यह मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती से जुड़ा है। दोनों की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी के किसी अन्य पुरुष से संबंध हैं। मना करने के बावजूद पत्नी उस व्यक्ति से लगातार बातचीत करती रही और उससे मिलती थी। पति के मुताबिक, इन गतिविधियों के कारण उनके वैवाहिक जीवन में तनाव और विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी।
इसी आधार पर पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। हालांकि, 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने का हवाला देते हुए उसकी याचिका खारिज कर दी थी।
हाईकोर्ट ने बेटे-बेटी की गवाही को माना अहम
फैमिली कोर्ट के फैसले के खिलाफ पति ने हाईकोर्ट में अपील की। सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर पर्याप्त विचार नहीं किया था।
हाईकोर्ट ने पति के साथ-साथ बेटे और बेटी की गवाही को भी महत्वपूर्ण माना। बच्चों ने अपने बयानों में बताया था कि परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में एक व्यक्ति घर आता था और महिला से मुलाकात करता था।
शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए हर बार शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं होता। पति की आपत्ति के बावजूद दूसरे पुरुष के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलने-जुलने का सिलसिला जारी रखना भी परिस्थितियों के आधार पर मानसिक क्रूरता माना जा सकता है।
इन्हीं तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए पति की तलाक की अपील मंजूर कर ली।