CG – कॉलेज जाने के नाम पर निकली छात्रा ने लगाई फांसी, नाना के क्वार्टर में मिला शव

CG

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा इलाके में एक 20 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान आरती टंडन के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा के गुमिया गांव की रहने वाली थी और यहाँ रहकर बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।

कॉलेज के बहाने निकली थी घर से
परिजनों के अनुसार, बुधवार को आरती कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान परिजनों को पता चला कि उनके पुराने क्वार्टर (B-2/27) की चाबी गायब है। शक होने पर जब परिजन वहां पहुंचे, तो घर अंदर से बंद था। भाई ने दीवार फांदकर अंदर देखा तो आरती का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

नाना के खाली क्वार्टर में उठाया कदम
आरती बचपन से ही अपने नाना अमृत टंडन के साथ इसी क्वार्टर में रहकर पढ़ाई करती थी। नाना के रिटायर होने के बाद परिवार गांव चला गया था और यह क्वार्टर खाली पड़ा था। मृतिका के पिता अजीत टंडन ने बताया कि कॉलेज जाने से पहले आरती की मां ने किसी बात को लेकर उसे फटकार लगाई थी, जिससे वह आहत थी।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Exit mobile version