छत्तीसगढ़: शिक्षक गिरफ्तार: छात्राओं से अश्लील हरकत करता था शिक्षक, नाराज परिजनों ने स्कूल में किया हंगामा, फिर…

जांजगीर। छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने वाले शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छात्राओं की शिकायत के बाद परिजनों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।

दरअसल, झरप गांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में आरोपी राघवेंद्र तिवारी सहायक अध्यापक के रूप में पदस्थ है। छात्राओं का आरोप है कि टीचर राघवेंद्र तिवारी उन पर बुरी नजर रखता है। गलत ढंग से छूता है। कई बार सीने और अन्य जगह हाथ लगाता है। छात्राएं परेशान हो गईं तो उन्होंने इसकी जानकारी 28 मार्च को स्कूल के प्रधान पाठक को दी और हरकतों के बारे में बताया। इस पर उन्होंने टीचर को समझाया और ऐसा नहीं करने को कहा।

इसके बाद भी आरोपी टीचर राघवेंद्र तिवारी नहीं माना। इस पर छात्राओं ने अपने घर में परिजनों को इसके बारे में जानकारी दी। साथ ही स्कूल में मोर्चा खोल दिया। सूचना मिली तो छात्राओं के परिजन भी स्कूल पहुंच गए और हंगामा शुरू हो गया। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि संयुक्त कलेक्टर, सक्ती SDM, जिला शिक्षा अधिकारी और जैजैपुर BEO भी स्कूल पहुंचे। वहां छात्राओं ने अफसरों को शिक्षक की सारी करतूत बताई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। छात्राओं के अफसरों और महिला पुलिस अफसर के सामने बयान कराए गए। उनके बयान सामने आने के बाद देर शाम पुलिस ने टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शिक्षक राघवेंद्र तिवारी बिर्रा क्षेत्र के घिवरा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो के साथ ही एक्ट्रोसिटी एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Exit mobile version