मातम में बदली तीजा की खुशियां: पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, भाई-बहन की मौत

धमतरी। तीजा पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। हादसा पुरूर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, बड़े गौरी गांव निवासी दामेश्वर सिन्हा अपनी बहन नीता सिंह को तीजा पर्व पर मायके लाने के लिए बाइक से मोखा गांव गए थे। बहन को बाइक पर बैठाकर दोनों बड़े गौरी लौट रहे थे। इसी दौरान पुरूर के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और तीजा की खुशियां मातम में बदल गईं। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version