मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक चाय वाले ने डिप्टी कलेक्टर की जमकर धुनाई कर दी। डिप्टी कलेक्टर कृषि मंडी इलाके के मेन रोड पर एक बाइक सवार स्टंटबाज को समझाइश दे रहे थे। इसी दौरान वहां चाय की दुकान चलाने वाला दंपति बिना वजह मामले में टांग अड़ाने लगा। बात इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते उसने डिप्टी कलेक्टर की पिटाई कर दी।
घटना की सूचना पर जब मौके पर पुलिस पहुंची तब जाकर चायवाले को पता चला कि जिसकी उसने पिटाई की वो कोई मामूली शख्स नहीं बल्कि ऑफिसर है। तब चायवाला गिड़गिड़ाकर माफी मांगने लगा। डिप्टी कलेक्टर FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे। लेकिन उससे पहले ही प्रशासन ने चाय वाले की गुमटी पर बुलडोजर चला दिया।
यह है पूरा मामला
सुबह डिप्टी कलेक्टर अरविंद भाभोर निकाय चुनाव के काउंटिंग सेंटर (पिपलियामंडी) जा रहे थे। इस दौरान एक युवक उनकी कार के सामने बाइक पर स्टंट करते हुए निकला। उसे ऐसा करते देख भाभोर ने उसे रोका और गाड़ी से उतरकर उसे समझाने लगे। ये देख पास ही चाय-नाश्ते की गुमटी लगाने वाला मनोहर झारिया और उसकी पत्नी आ गई। दोनों भाभोर से बहस करने लगे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
पुलिस आई, तब पता चला कि अधिकारी हैं
इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने के बाद दंपती को पता चला कि उन्होंने जिसे पीटा है वे डिप्टी कलेक्टर हैं। इसके बाद दोनों पति-पत्नी ने अधिकारी से माफी भी मांगी। हालांकि, अधिकारी ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
चायवाले की सफाई
मनोहर का कहना है कि वह तो युवक और अधिकारी के पास बीच-बचाव करने गया था। डिप्टी कलेक्टर उल्टा उससे ही उलझ गए। पुलिस का कहना है कि दंपती पर शासकीय काम में बाधा डालने, मारपीट और SC-ST एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है।
प्रशासन ने जेसीबी चलाकर गिराई गुमटी
बुधवार सुबह चाय-नाश्ते की गुमटी चलाने वाले पति-पत्नी ने डिप्टी कलेक्टर के साथ मारपीट की। दोपहर में मावर ने वायडीनगर थाने में आवेदन दिया। इससे पहले ही मौके पर पहुंच प्रशासन ने गुमटी को तोड़ने की कार्रवाई कर दी। मामले में अधिकारी गुमटी पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने की बात कह रहे हैं।
