रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में घर से गायब 5 साल के मासूम बच्ची की लाश बांध के पास मिली थी। मासूम की हत्या किसी और ने नहीं उसके सौतेले पिता ने किया है। उसके बाद शव को एनीकट के पास फेंक दिया था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार दोपहर घर से गायब बच्ची को उसके पिता ने ही नहलाने के बहाने नदी ले गया था, जहां उसने पानी में डूबा कर उसे मार डाला और फिर लाश को नदी में बहा दिया। आरोपी पिता परिजन और पुलिस को चकमा देने के लिए अपने घर में आकर सो गया। इधर, बच्ची के नहीं मिलने से परेशान परिजन पुलिस के पास पहुंचे। पिता की हरकतों पर पुलिस ने उससे पूछताछ की, तब उसने नशे की हालत में हत्या करना स्वीकार किया। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक तोरवा क्षेत्र के पटेल मोहल्ला निवासी राधिका लहरे (35) रोजी-मजदूरी करती हैं। गुरुवार की रात वह तोरवा थाने पहुंची और अपने पांच साल की बेटी पायल के गायब होने की जानकारी दी। बच्ची के गायब होने की सूचना पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम रात करीब 11 बजे पटेल मोहल्ला पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने राधिका के परिजन से भी पूछताछ करने का प्रयास किया। तभी पता चला कि उसका पति मन्नू लहरे रात में नहा रहा है। पुलिस को उस पर संदेह हुआ और लगा कि उसने ही बच्ची के साथ कुछ किया होगा। लिहाजा, पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। वह रात में शराब के नशे में भी था।

इधर, सुबह होते ही राधिका अपने पति को छुड़ाने के लिए थाने पहुंच गई, तब उसे यह नहीं पता था कि उसका पति ही मासूम बच्ची का हत्यारा है। पुलिस भी उससे सही तरीके से पूछताछ नहीं कर पाई थी। ऐसे में पुलिस ने उससे जानकारी लेकर छोड़ देने की बात कही और महिला को घर भेज दिया।

पुलिस बच्ची की जानकारी जुटा रही थी, तभी शुक्रवार की सुबह मस्तूरी क्षेत्र के कर्रा में एक बच्ची की लाश मिलने की खबर आई। मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही थी। उसी समय तोरवा पुलिस बच्ची के परिजन को लेकर वहां पहुंच गई। उन्होंने शव की पहचान पायल के रूप में की।

बच्ची के शव मिलने के बाद पुलिस ने उसके पिता मन्नू बंजारे से सख्ती से पूछताछ की, तब उसने बताया कि दोपहर में वह नहाने जा रहा था। तभी पायल भी उसके साथ चली गई। वह पायल को गहरे पानी में डूबाकर मार दिया। फिर उसने शव को तेज बहाव में बहा दिया। इसके बाद वह घर में आकर सो गया। शाम को उसकी पत्नी आई और बेटी पायल के बारे में पूछताछ की, तब उसने इधर-उधर मोहल्ले में खेलने की बात कही।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि राधिका लहरे की पहली शादी हो चुकी थी। वह अपने पहले पति को छोड़कर पायल व दस साल का बेटे को लेकर आरोपी मन्नू बंजारे से दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद से वह मन्नू के साथ रहती थी।

TI फैजूल शाह ने बताया कि महिला राधिका के 10 वर्षीय बालक और बच्ची पायल साथ रहते थे। मन्नू उनका सौतेला पिता था। वह पायल को पसंद नहीं करता था और उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। आरोपी मन्नू ने पुलिस को बताया कि वह हमेशा खर्च करने के लिए पैसे मांगती थी, जिसकी वजह से उसने नशे में उसकी हत्या कर दी। होश में आने के बाद आरोपी मन्नू पुलिस के सामने रोने लगा और बोला कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और उसे पछतावा हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

