जांजगीर-चांपा। शादियों में बैंड-बाजा, बारात और भव्य सजावट की परंपरा के बीच जांजगीर-चांपा जिले में एक अनोखा विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। पामगढ़ विकासखंड के भुईगांव की रहने वाली क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम के साथ बेहद सादगीपूर्ण तरीके से विवाह किया। इस शादी में न तो बैंड-बाजे का शोर था और न ही बारातियों की भीड़। दोनों ने कलेक्टरेट में जिला विवाह अधिकारी के समक्ष एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
नीदरलैंड में पढ़ाई के दौरान हुई मुलाकात, प्यार तक पहुंचा रिश्ता
क्रिस्टीना नथेनियल कुछ वर्ष पहले तकनीकी शिक्षा हासिल करने के लिए नीदरलैंड गई थीं। पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात वहां के निवासी क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम से हुई। दोनों के बीच पहले जान-पहचान हुई, फिर दोस्ती और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। समय के साथ दोनों ने जीवनभर साथ रहने का फैसला किया।
अपने रिश्ते को विवाह के बंधन में बांधने के लिए क्रिस्टीयान सात समंदर पार नीदरलैंड से जांजगीर-चांपा पहुंचे। परिजनों की सहमति के बाद दोनों ने विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया।

तीन गवाहों की मौजूदगी में पूरी हुई विवाह की प्रक्रिया
क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान ने जांजगीर कलेक्टरेट पहुंचकर कोर्ट मैरिज की। अपर कलेक्टर एवं जिला विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष दोनों ने विवाह की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान तीन गवाह मौजूद रहे। निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों को विवाह प्रमाण-पत्र जारी किया गया।
विवाह के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को पुष्पहार पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया और एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी स्वीकार किया।
सादगी में यादगार बनी प्यार की कहानी
क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान का यह विवाह इस बात की मिसाल बन गया कि शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन और तामझाम जरूरी नहीं हैं। दो अलग-अलग देशों में शुरू हुई जान-पहचान, दोस्ती और प्यार का रिश्ता अब विवाह के मुकाम तक पहुंच गया है।
परिवार की सहमति, एक-दूसरे के प्रति विश्वास और साथ जीवन बिताने के संकल्प के साथ दोनों ने अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की। सादगी से संपन्न हुआ यह विवाह अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।