मुंगेली। जिले में रास्ता रोककर हत्या के प्रयास और सोने का लॉकेट लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 2 मार्च की तड़के मुंगेली-लोरमी तिराहा के पास की है। रायपुर जा रहे युवक ताम्रज सिंह को तीन युवकों ने रास्ता रोककर घेर लिया। आरोपियों ने युवक के गले में पहना “ऊं” लिखा सोने का लॉकेट लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

बताया जा रहा है कि एक आरोपी घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी भी दे रहा था। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा और पुलिस को सूचना दी।
“त्रिनयन एप” से मिली मदद, CCTV फुटेज से पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा तैयार “त्रिनयन एप” में दर्ज CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, लॉकेट और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में आशीष शिवारे, यशवंत रावते और देवेश सोनी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट और एक मोबाइल फोन जप्त किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
