सूरजपुर। जिले के करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बांध में मछली पकड़ने गए 9 ग्रामीणों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे में 6 लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि 3 ग्रामीण लापता हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बांध में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध के बावजूद ग्रामीण रात के अंधेरे में नाव लेकर मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गई और सभी लोग पानी में गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही करंजी चौकी पुलिस और DDRF (डिजास्टर रिस्पॉन्स) की टीम मौके पर पहुंची। लापता ग्रामीणों की तलाश के लिए देर रात से रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, लापता लोगों की खोज के लिए बांध में सर्च ऑपरेशन जारी है। फिलहाल तीनों ग्रामीणों का कोई सुराग नहीं मिला है। प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में मछली पकड़ने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करने की अपील की है।