छत्तीसगढ़ में दो जवान शहीद: नक्सलियों ने की IED ब्लास्ट, चपेट में आई CRPF की ट्रक… चालक और सह चालक हुए शहीद; CM साय ने किया नमन

बीजापुर, सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर और सुकमा के बॉर्डर में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए IED ब्लास्ट किया, इस ब्लास्ट की चपेट में CRPF का ट्रक आ गया। इस हमले में 2 जवान शहीद हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, सिलगेर और टेकलगुडम के बीच नक्सलियों ने CRPF जवानों के ट्रक को IED विस्फोट कर उड़ा दिया। इस ब्लास्ट में CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) की कोबरा बटालियन के दो जवान शहीद हो गए। दो कोबरा जवानों की शहादत को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नमन किया है।

बताया जा रहा है कि, जगरगुंडा क्षेत्र स्थित सिलगेर कैंप से 201 कोबरा वाहिनी के जवानों का मूवमेंट रोड ओपनिंग ड्यूटी के दौरान ट्रक और बाइक से टेकलगुडेम की ओर था। वहां रास्ते में नक्सलियों ने IED प्लांट कर रखा था। दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही जवानों से भरा ट्रक वहां से निकला, IED की चपेट में आ गया। ब्लास्ट के चलते ट्रक का चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हो गए। बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकरी के अनुसार, ये जवान राशन लेकर कैंप जा रहे थे। टेकलगुडम और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो जवानों की शाहदत को नमन किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलवाद के खात्मे तक हम चुप नहीं बैठेंगे।