दो साल बाद खुला मर्डर का राज : प्रेम संबंध के शक में पत्नी ने महिला की सुपारी देकर कराई हत्या, नाले किनारे दफनाया शव

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दो साल पहले लापता हुई महिला की गुमशुदगी का मामला अब सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि महिला की हत्या प्रेम संबंधों के शक में सुपारी देकर कराई गई थी। हत्या के बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर नाले किनारे दफना दिया गया था।

मृतका की पहचान रामदई कश्यप के रूप में हुई है, जो करीब दो साल पहले अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। समय बीतने के साथ मामला ठंडे बस्ते में चला गया, लेकिन पुलिस को शुरू से ही गुमशुदगी के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका थी।

कॉल डिटेल्स से खुला पूरा राज

दंतेवाड़ा पुलिस ने पुराने मामलों की दोबारा जांच शुरू की तो एक नाम बार-बार सामने आया— पाण्डू करटम। कॉल डिटेल्स और पूछताछ में सामने आया कि रामदई और पाण्डू के बीच नजदीकियां थीं। इसी बात को लेकर पाण्डू की पत्नी कमली करटम नाराज रहती थी और उसे रामदई पर शक था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कमली ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को पैसे देकर रामदई की हत्या की सुपारी दी थी। हत्या की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची गई थी। पहले लक्ष्मी नाग को रामदई की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दंतेवाड़ा भेजा गया।

सोते वक्त की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात कमली ने फोन कर यह पुष्टि की कि रामदई घर में मौजूद है। इसके बाद देर रात आरोपी हुंगाराम घर में घुसा और सो रही रामदई का मुंह व गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सफेद प्लास्टिक की बोरी में भरकर पिकअप वाहन से तोयलंका गांव ले जाया गया। वहां नाले किनारे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे।

दो साल बाद मिला कंकाल

पुराने केस की दोबारा जांच के दौरान पुलिस उसी नाले तक पहुंची। दंडाधिकारी, फोरेंसिक टीम और पुलिस की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान मिट्टी के नीचे से सफेद प्लास्टिक की बोरी बरामद हुई, जिसमें मानव कंकाल मिला। जांच में पुष्टि हुई कि वह रामदई कश्यप का शव था।

दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कमली करटम और लक्ष्मी नाग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है। दंतेवाड़ा का यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। रिश्तों में शक, जलन और साजिश की यह कहानी लोगों को झकझोर रही है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

PM आवास योजना पर विजय शर्मा और भूपेश बघेल...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में PM आवास योजना को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच चल रही बयानबाजी अब आमने-सामने की बहस तक पहुंच गई...

गणेश पंडाल के पास युवक की चाकू मारकर हत्या,...

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर...

वरिष्ठ नागरिक मंच कोहका का मनाया 12वां स्थापना दिवस,...

भिलाई। वरिष्ठ नागरिक मंच कोहका का 12वां स्थापना दिवस समारोह सियान सदन, टाटा लाइन कोहका में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ...

वार्डों में पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, गलियों में घूमकर...

दुर्ग। कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने सोमवार को दुर्ग-उरला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 57 एवं 58 का दौरा किया। इस...