भिलाई के रूंगटा यूनिवर्सिटी में ‘व्योम’ का आगाज: एक्सीडेंट में जान बचाएगा स्मार्ट क्यूआर स्टिकर, ई-समिट में दिखे गजब के स्टार्टअप्स

भिलाई. रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी में बुधवार से चार दिवसीय सालाना टेक-फेस्ट ‘व्योम’ की शानदार शुरुआत हुई। इस फेस्ट के पहले दिन आयोजित ‘ई-समिट’ में प्रदेशभर के 50 स्टार्टअप्स ने अपने इनोवेटिव आइडिया पेश किए। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा उस ‘स्मार्ट क्यूआर कोड स्टिकर’ की रही, जो सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की जान बचाने में मददगार साबित होगा।

हादसे में मददगार बनेगा स्मार्ट स्टिकर

इस स्टार्टअप आइडिया के मुताबिक, बाइक, कार या हेलमेट पर एक खास क्यूआर कोड स्टिकर लगाया जाएगा। दुर्घटना होने पर इसे स्कैन करते ही घायल व्यक्ति का ब्लड ग्रुप, पुरानी बीमारियां और जरूरी हेल्थ डिटेल्स तुरंत डॉक्टर के सामने होंगी। डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहे, इसके लिए इसकी कॉपी (प्रॉक्सी) नहीं की जा सकेगी।

इन स्टार्टअप्स ने भी खींचा ध्यान

  • वायुवेग: कम कीमत पर अच्छी क्वालिटी के स्पोर्ट्स प्रोडक्ट्स (आर्चरी, फुटबॉल आदि) उपलब्ध कराना, ताकि मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे भी खेलों से जुड़ सकें।
  • ग्रीनी (Greenee): एआई और वीआर तकनीक की मदद से घर या ऑफिस के लिए फर्नीचर खरीदने से पहले उसे वर्चुअल रूप से कमरे में सेट करके देखने की सुविधा।
  • किसान सहायक: किसानों को अपना उत्पाद सीधे बेचने और खुद कीमत तय करने की आजादी देने वाला प्लेटफॉर्म।

विजेताओं को मिला सम्मान

शार्क टैंक इंडिया में शामिल हो चुके स्टार्टअप फाउंडर ईशा झंवर और तरणवीर सिंह सैनी ने इन आइडियाज को परखा। टॉप-10 में से तीन विजेताओं को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

स्क्विड गेम्स की थीम और बॉलीवुड का तड़का

इस साल व्योम की थीम मशहूर वेब सीरीज ‘स्क्विड गेम्स’ पर आधारित है। 29 मार्च तक चलने वाले इस फेस्ट में 40 से ज्यादा इवेंट्स होंगे।

  • 28 मार्च: बॉलीवुड सिंगर निकिता गांधी की लाइव परफॉर्मेंस।
  • 29 मार्च: ‘सुपर-30’ फेम आनंद कुमार मुख्य अतिथि होंगे और छात्रों को पुरस्कृत करेंगे।
Exit mobile version