भिलाई। आज शाम तकरीबन 6:30 बजे बटालियन के सामने एयर वाल्व क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण पानी लीकेज होने लगा। जैसे ही महापौर नीरज पाल को इसकी सूचना हुई उन्होंने तत्काल अधिकारियों से सुधार की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और शीघ्र अति शीघ्र पेयजल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तब तक प्रभावित क्षेत्रों में पवार पंप एवं हैंडपंप तथा पानी टैंकरों के माध्यम से जल प्रदाय किया जाए। इधर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने स्पॉट पर पहुंच कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जल विभाग के अधिकारियों से हर कार्य की पूरी जानकारी ली एवं आवश्यक संसाधनों तथा तकनीकी टीम उपलब्धता से अवगत हुए। बता दें कि बटालियन के सामने एयर वाल्व फट जाने के कारण पानी लीकेज होने लगा। इस बात की सूचना मिलते ही टीम ने टंकियों में पानी सप्लाई रोकी और तुरंत डीवाटरिंग का कार्य प्रारंभ किया। पाइप लाइन से पूरी पानी निकालने के बाद एयर वाल्व लगाने का कार्य किया जाएगा। पाइप लाइन से पानी निकालने के लिए अधिक समय की आवश्यकता होती है जिसके बाद ही एयर वाल्व लगाया जा सकता है। वर्तमान में जल विभाग की टीम मुस्तैदी से संधारण के कार्य में जुटी हुई है। संभावना है कि रात्रि में ही एयर वाल्व लग जाएगा। चुकि एयर वाल्व फटने से पूर्व कई टंकियों में पानी सप्लाई हो चुकी थी ऐसे क्षेत्रों में सुबह जल प्रदाय व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी परंतु जिन टंकियों में पानी सप्लाई नहीं हुई है उन क्षेत्रों में गुरुवार की सुबह जल प्रदाय प्रभावित हो सकती है ऐसे क्षेत्रों में छावनी, वैशाली नगर, चंद्रा मौर्या, मदर टैरेसा नगर एवं खुर्सीपार के क्षेत्र शामिल है, इन क्षेत्रों में सुबह गुरुवार को जल प्रदाय प्रभावित हो सकता है। इसके अतिरिक्त गौतम नगर, कोहका 1, कुरूद एवं हाउसिंग बोर्ड के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होगी। इन सभी की कनेक्टिविटी 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट से है।
66 एमएलडी फिल्टर प्लांट नहीं होता तो पूरे शहर की पानी सप्लाई होती प्रभावित अगर 66 एमएलडी फिल्टर प्लांट नहीं होता तो पूरे शहर की पानी सप्लाई प्रभावित हो सकती थी। 66 एमएलडी से 9 टंकियों में पृथक से पानी सप्लाई होती है। 66 एमएलडी फिल्टर प्लांट से अगर टंकियों में पानी सप्लाई की बात करें तो नेहरू नगर, स्मृति नगर, फरीदनगर, खमरिया, कोहका दो, रूआबांधा, रिसाली, मरोदा एवं नेवई क्षेत्र के टंकियों में पानी जाता है और उनके समीपस्थ क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होती है। इन क्षेत्रों से 66 एमएलडी का सीधा कनेक्शन है इसलिए इन क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी। यदि इसकी कनेक्टिविटी 77 एमएलडी से होती तो पूरे शहर में पानी की समस्या होने की संभावना बढ़ जाती है और जल व्यवस्था प्रभावित होता।
कल भिलाई के कई इलाकों में नहीं खुलेगा नल: एयर वॉल्व हुआ क्षतिग्रस्त…मेयर नीरज ने दिए जल्दी सुधार के निर्देश, आयुक्त प्रकाश पहुंचे ग्राउंड पर, मेंटेनेंस जारी

