भिलाई में नेता प्रतिपक्ष के लिए करना होगा इंतजार: बार-बार बदल रहे समीकरण…पीयूष, दया के साथ-साथ अब विनोद की एंट्री, प्रभारी सवन्नी और जिलाध्यक्ष ने कहा…

भिलाई। नगर निगम भिलाई में नेता प्रतिपक्ष के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। अभी तक संगठन के नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष के लिए कोई विचार भी नहीं किया है। जबकि, भिलाई में कयासों का बाजार गर्म है। भिलाई के सीनियर नेता भी अपने समर्थकों के लिए लॉबिंग करने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं।

हालांकि, ये लॉबिंग खुलकर नहीं हुई। लेकिन अंदरूनी तौर पर जो चीजें चल रही है, वो किसी से छिपी नहीं है। नेता प्रतिपक्ष के लिए अब तक जो नाम सामने आए हैं, उनमें सोनिया गांधी नगर से भाजपा पीयूष मिश्रा, लक्ष्मीनारायण वार्ड खुर्सीपार से दया सिंह और रामनगर पार्षद रिकेश सेन प्रमुख है। अब एक और नया समीकरण बनते दिख रहा है।

इस समीकरण में विनोद सिंह की एंट्री हो गई है। विनोद सिंह पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय के कट्‌टर समर्थकों में से एक हैं। उन्हें भी नेता प्रतिपक्ष के रूप में देखा जा रहा है। पहले कहा जा रहा था कि जोन अध्यक्ष चुनाव में प्रत्याशी बनाए जाने के कारण उन्हें नेता प्रतिपक्ष के लिए पीछे हटना पड़ेगा। लेकिन अब दावेदारों की दौड़ में उनका भी नाम सामने आ गया है।

इसके अलावा पूर्व नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन पहले ही यह जिम्मेदारी संभालने से इनकार कर चुके हैं। ऐसे में पुराने पार्षदों में पी. श्यामसुंदर राव और भोजराज सिन्हा भी विकल्प हो सकते हैं।

अब देखना ये होगा कि पार्टी नेता प्रतिपक्ष का ताज किसे पहनाती है‌?

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू का कहना है कि, नेता प्रतिपक्ष के लिए संगठन के नेताओं से चर्चा चल रही है। अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है। जैसे ही संगठन से दिशा-निर्देश मिलेगा‌, इस पर आगे चर्चा की जाएगी।

चुनाव प्रभारी का जिम्मा संभालने वाले प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी का कहना है कि, इस संबंध में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। भिलाई के साथ-साथ अन्य निकायों में नेता प्रतिपक्ष का ऐलान किया जाएगा।

Exit mobile version