CG News: रील देखने के दौरान नेटवर्क गायब होने पर महिला ने पिया कीटनाशक, इलाज के दौरान मौत

कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल का नेटवर्क चले जाने से नाराज एक महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में महिला को परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंगलो बाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलो बाई खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया। इससे वह नाराज हो गई और मोबाइल को पटककर तोड़ दिया। इसके बाद आवेश में आकर उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।

हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन

कीटनाशक पीने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए। बताया गया कि गांव में चली आ रही एक पुरानी मान्यता के चलते उन्होंने मंगलो बाई को उल्टी कराने के लिए गोबर-पानी पिलाया। मृतका के पति प्रेमलाल के अनुसार, उन्होंने गांव में प्रचलित पुरानी कहावत के आधार पर ऐसा किया था।

हालांकि, महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद परिजन उसे तत्काल संजीवनी के माध्यम से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान मंगलो बाई की मौत हो गई।

अस्पताल के मेमो पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मामले में कार्रवाई दर्ज की गई है। प्रारंभिक बयान में मोबाइल नेटवर्क चले जाने से नाराज होकर महिला द्वारा कीटनाशक का सेवन करने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version