दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय के सानिध्य में कल, 29 मार्च (रविवार) को दुर्ग में एक अनोखा आयोजन होने जा रहा है। सखी सहेली समूह द्वारा आयोजित “बचपन की टिकट – चलव दीदी खेल खेले बर जाबो” कार्यक्रम के जरिए महिलाएं अपनी व्यस्त जिंदगी से समय निकालकर एक बार फिर अपने बचपन को जी सकेंगी।
यह कार्यक्रम शाम 4:00 बजे से दुर्ग के पदमनाभपुर मिनी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

महापौरों के नेतृत्व में भिड़ेंगी महिला पार्षद
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रायपुर और दुर्ग नगर निगम की महिला पार्षदों के बीच होने वाला कबड्डी मुकाबला होगा। रायपुर की महापौर मीनल चौबे और दुर्ग की महापौर अलका बाघमार की कप्तानी में महिला पार्षद मैदान में अपना दमखम दिखाएंगी। सरोज पाण्डेय ने कहा कि यह मुकाबला खेल भावना के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण का बड़ा संदेश देगा।
दो वर्गों में होगी प्रतियोगिताएं, प्रवेश निशुल्क
आयोजन को दो आयु वर्गों में बांटा गया है:
- 18 से 30 वर्ष
- 30 वर्ष से अधिक
कार्यक्रम पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है और इसमें भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
“मातृशक्ति के लिए समर्पित एक शाम” – सरोज पाण्डेय
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने कहा, “हमारी मातृशक्ति परिवार की धुरी है, जो सबके सपनों को सजाते हुए अक्सर अपनी खुशियों को पीछे छोड़ देती है। इसी भावना को समझते हुए हमने यह आयोजन किया है ताकि वे अपनी आपाधापी भरी जिंदगी से कुछ पल निकाल सकें। मैं सभी बहनों और माताओं से अपील करती हूँ कि वे इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”
तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और कल शाम पदमनाभपुर मिनी स्टेडियम में महिलाओं के उत्साह का बड़ा संगम देखने को मिलेगा।