युवा कांग्रेस चुनाव: देवेंद्र गुट से शैलेंद्र बंजारे होंगे प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवार, बाबा महंत और टीएस सिंहदेव का मिला समर्थन

रायपुर। महीनों की लंबी तैयारी और सियासी कयासों के बाद आखिरकार युवा कांग्रेस संगठन चुनाव में देवेंद्र यादव गुट की ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के नाम पर मुहर लग गई है। इस प्रतिष्ठित पद के लिए बलौदाबाजार के युवा नेता शैलेंद्र बंजारे को मैदान में उतारा गया है। कल नामांकन प्रक्रिया का आखिरी दिन था। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र यादव इस चुनाव में पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का बड़ा समर्थन जुटाने में कामयाब रहे हैं, जिसने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गुट ने अभी तक प्रदेश अध्यक्ष पद के चेहरे से सस्पेंस नहीं हटाया है।

देवेंद्र यादव की ‘सोशल इंजीनियरिंग’ और नया सियासी समीकरण

राजनीतिक विश्लेषक सतनामी समाज से आने वाले शैलेंद्र बंजारे को प्रत्याशी बनाए जाने को देवेंद्र यादव की ‘दूरदृष्टि’ और ‘सोशल इंजीनियरिंग’ के तौर पर देख रहे हैं। पिछले कुछ समय के घटनाक्रम पर नजर डालें तो यादव समाज के बाद देवेंद्र ने सतनामी समाज के बीच भी पूरे प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत की है। ऐन वक्त पर शैलेंद्र के नाम को आगे कर उन्होंने प्रदेश की युवा राजनीति में एक नया समीकरण पैदा करने की कोशिश की है।

दिग्गज नेताओं के समर्थन से मजबूत हुआ देवेंद्र पैनल

पिछले युवा कांग्रेस चुनाव में भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव ने मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसमें आकाश शर्मा बड़े अंतर से जीतकर प्रदेश अध्यक्ष बने थे। लेकिन इस बार दोनों धड़े अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। शुरुआत में भूपेश बघेल गुट को काफी मजबूत माना जा रहा था, लेकिन प्रदेशभर के युवाओं के बीच देवेंद्र यादव के बढ़ते क्रेज ने लड़ाई को कड़ा कर दिया। इसी बीच वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लेकर देवेंद्र ने चरणदास महंत और टी.एस. सिंहदेव को अपने पाले में कर लिया, जिससे चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।

रेफरल (प्रस्तावकों) की दौड़ में सबसे आगे शैलेंद्र

युवा कांग्रेस नियम के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी को कम से कम 65 ब्लॉक अध्यक्ष और 15 जिला अध्यक्ष या महासचिव का रेफरल (प्रस्तावक) होना जरूरी है। नॉमिनेशन के दौरान शैलेंद्र बंजारे प्रस्तावक जुटाने के मामले में सबसे आगे रहे हैं।

प्रमुख दावेदारों की स्थिति:

  • शैलेंद्र बंजारे: 317 रेफरल्स (पहले स्थान पर)
  • प्रशांत बोकडे: 224 रेफरल्स (दूसरे स्थान पर)
  • अन्य दावेदार: सोनू शर्मा, विनय शील, लोकेश वशिष्ठ और हनी बग्गा भी रेस में शामिल हैं।

कौन हैं शैलेंद्र बंजारे?

शैलेंद्र बंजारे वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हैं और बलौदाबाजार से युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे लंबे समय से देवेंद्र यादव के साथ छात्र और युवा राजनीति में सक्रिय रहे हैं। इस चुनाव में देवेंद्र गुट की ओर से निखिलकांत साहू, भावेश शुक्ला और अनिमेष सिंह सहित कई अन्य दावेदार भी कतार में थे, लेकिन जमीनी पकड़ और सामाजिक समीकरणों को देखते हुए सर्वसम्मति से शैलेंद्र के नाम पर अंतिम मुहर लगी।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

पंडवानी सम्राज्ञी डॉ. तीजन बाई को गरिमापूर्ण विदाई देने...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर, पद्म विभूषण से सम्मानित और विश्वविख्यात पंडवानी गायिका दिवंगत डॉ. तीजन बाई के दशगात्र एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम को गरिमापूर्ण...

भिलाई: जुनवानी रोड से 79 वर्षीय बुजुर्ग लापता, जानकारी...

भिलाई, 07 जुलाई 2026। जुनवानी रोड क्षेत्र से एक 79 वर्षीय बुजुर्ग के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों से मिली...

छत्तीसगढ़ केबिनेट की बड़ी बैठक कल: CM विष्णु देव...

रायपुर, 7 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में कल यानी बुधवार, 8 जुलाई को राज्य मंत्रिपरिषद् (केबिनेट) की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री...

छत्तीसगढ़ आरक्षक भर्ती: हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, पूरी...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने राज्य में चल रही पुलिस आरक्षक (कांस्टेबल) भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर...