शराब घोटाले का 1280 करोड़ का ‘मनीमैन’ गिरफ्तार, दुबई से भारत लाया गया विकास अग्रवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को भारत वापस लाने में बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से आरोपी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत डिपोर्ट कराया है। 27 नवंबर 2026 को उसे मुंबई एयरपोर्ट लाया गया। विकास अग्रवाल के खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 से 2022 के बीच हुए शराब घोटाले में अहम भूमिका निभा रहा था। वह इस संगठित गिरोह का सेंट्रल फाइनेंशियल कोऑर्डिनेटर यानी ‘मनीमैन’ था। आरोप है कि शराब वितरण प्रणाली में गड़बड़ियों के जरिए राज्य के खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया गया।

कमीशन वसूली और अवैध रकम को ठिकाने लगाने का आरोप

जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार, विकास अग्रवाल डिस्टिलरीज से कमीशन की रकम इकट्ठा कर उसे सरकारी अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम करता था। इसके साथ ही अपराध से अर्जित रकम को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय माध्यमों के जरिए इधर-उधर किया जाता था, ताकि धन के वास्तविक स्रोत और उसके मालिकों की पहचान छिपाई जा सके।

इस मामले में नवंबर 2024 में ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत दर्ज मामले में विकास अग्रवाल वांछित था।

रेड नोटिस के बाद UAE में हुई गिरफ्तारी

विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों से संपर्क किया था। इसके बाद NCB नई दिल्ली के माध्यम से इंटरपोल से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया। रेड नोटिस के आधार पर UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE प्रशासन ने उसे भारत को सौंप दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम UAE पहुंची थी, जहां दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। इसके बाद 27 नवंबर को टीम उसे लेकर मुंबई एयरपोर्ट पहुंची।

इंटरपोल के जरिए 300 से ज्यादा भगोड़े भारत लाए गए

CBI भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है। भारतपोल (BHARATPOL) प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग और समन्वय किया जाता है।

CBI के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं। विकास अग्रवाल की वापसी को छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

Exit mobile version