दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडेरा में पैतृक कृषि भूमि को हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। पिता के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार करने तथा जमीन पत्नी के नाम रजिस्ट्री कराने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले का खुलासा हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की जांच रिपोर्ट के बाद हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पत्रा लाल साहू, जो पेशे से शिक्षक हैं और ग्राम डुंडेरा के निवासी हैं, ने अपने पिता स्वर्गीय बोधीराम साहू की पैतृक कृषि भूमि में फर्जीवाड़े की शिकायत की थी। यह जमीन ग्राम डुंडेरा में स्थित है, जिसमें खसरा नंबर 1079 सहित कुल छह खसरों की 1.31 हेक्टेयर भूमि शामिल है।

फर्जी हस्ताक्षर से तैयार किए दस्तावेज
आरोप है कि 24 सितंबर 2022 को 60 रुपये के स्टाम्प पेपर पर बोधीराम साहू के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा तैयार किया गया। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को 50 रुपये के स्टाम्प पेपर पर कथित रूप से फर्जी बैनामा तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री शिव कुमार साहू की पत्नी सीमा साहू के नाम करा दी गई। इस दस्तावेज में कौशल साहू और सुमन लाल साहू को गवाह बनाया गया था।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की रिपोर्ट से खुला मामला
शिकायत के बाद दोनों दस्तावेजों की लिखावट और हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ डॉ. एसके डे से कराई गई। 5 नवंबर 2026 को प्राप्त जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि इकरारनामा और बैनामा में दर्ज हस्ताक्षर स्वर्गीय बोधीराम साहू के नहीं हैं, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किए गए हैं।
पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
जांच रिपोर्ट के आधार पर उतई पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को पांच आरोपियों शिव कुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू, रोहित साहू, कौशल साहू और सुमन लाल साहू के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में IPC की धारा 34, 420, 467, 468 और 471 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमीन की रजिस्ट्री कराने में किसकी क्या भूमिका रही।