CG – 3 साल की बच्ची से बाथरूम में दरिंदगी: मकान मालिक के बेटे ने किया दुष्कर्म… मासूम की चली गई जान… आरोपी भी नाबालिग

3 साल की बच्ची से बाथरूम में दरिंदगी

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 15-16 साल के लड़के ने 3 साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश फैला हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी भी नाबालिग है जिसकी उम्र 15-16 साल है। बच्ची का परिवार आरोपी के घर किराए से रहता है। मकान मालिक के बेटे ने शाम करीब 6 बजे बच्ची को बाथरूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है।

रविवार शाम की घटना के बाद काफी देर तक जब बच्ची नहीं दिखी तो मां ने आसपास बेटी की तलाश की। बेटी के नहीं मिलने पर उसने लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि आखिरी बार उसे आरोपी के साथ देखा गया था। किसी ने उसे पास के बाथरूम की ओर जाते भी देखा था। इसके बाद जब लोगों ने बाथरूम में जाकर देखा तो वो अंदर से बंद था।

काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई जवाब नहीं आने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर मासूम बेहोश पड़ी थी और आरोपी आपत्तिजनक हालत में था। परिजनों ने तत्काल बच्ची को सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बन्नाक चौक के पास रहने वाले लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पहले इसे बच्चों की मारपीट का मामला बताकर केस रफादफा करने की कोशिश की गई और आरोपी को छोड़ दिया गया।

इधर आरोपी को छोड़ने की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग और परिजन आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ सिरगिट्टी थाने पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी उमेश कुमार और सिविल लाइन सीएसपी, प्रशिक्षु आइपीएस उमेश गुप्ता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने की जानकारी परिजन को दी। इसके बाद उन्होंने लोगों को समझाइश देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर थाने से लोगों की भीड़ छंटी।