CG प्रशासनिक फेरबदल: 6 अधिकारियों के ट्रांसफर, जानिए किसे मिली CGPSC और नगर निगम की नई जिम्मेदारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 6 वरिष्ठ अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के तहत छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के परीक्षा नियंत्रक पद पर बड़ा बदलाव किया गया है, वहीं कई जिलों और मंत्रालयों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल हुआ है।

CGPSC परीक्षा नियंत्रक में बदलाव: बलौदाबाजार-भाटापारा की अपर कलेक्टर दिप्ती गौते को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) का नया परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव डॉ. ऋतु वर्मा को CGPSC परीक्षा नियंत्रक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। डॉ. वर्मा अपने मूल पद (उप सचिव) पर कार्यरत रहेंगी।

अंबिकापुर नगर निगम और मंत्रालय में नई पदस्थापना: अंबिकापुर नगर निगम के आयुक्त देवनारायण कश्यप को मंत्रालय में ‘नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग’ का उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह नारायणपुर जिला पंचायत के CEO विनय कुमार अग्रवाल को अंबिकापुर नगर निगम के नए आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला पंचायत और श्रम विभाग में फेरबदल:

कोंडागांव के अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर को अब नारायणपुर जिला पंचायत का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।

बेमेतरा के अपर कलेक्टर गुड्डू लाल जगत को स्थानांतरित कर मंत्रालय में ‘श्रम विभाग’ का उप सचिव बनाया गया है।

Exit mobile version