डबल मर्डर का खुलासा : 65 साल का आरोपी गिरफ्तार, मां-बेटी की हत्या के बाद महिला से किया था दुष्कर्म

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के आरोप में 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। महिला के विरोध करने पर उसने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। इसके बाद घायल महिला के साथ दुष्कर्म किया और बच्ची के रोने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

खेत के बोर मकान में रहती थीं मां-बेटी

घटना 16 जुलाई 2026 को सामने आई थी। ग्राम छापरपानी में 35 वर्षीय महिला अपने पति की मृत्यु के बाद मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने के कारण प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में अपनी 10 माह की बेटी के साथ रह रही थी। सुबह महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसकी मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान थे। उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।

मामले की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, लैलूंगा पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं, जांच थी चुनौतीपूर्ण

घटनास्थल सुनसान होने और वारदात का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। महिला का किसी के साथ विवाद भी सामने नहीं आया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने गांव में कैंप लगाकर लगातार ग्रामीणों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिरों से ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65) के संबंध में अहम जानकारी मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। उसके हाथ में चोट के निशान भी मिले थे, हालांकि शुरुआती पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने से इनकार कर दिया।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूट गया आरोपी

पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ को आगे बढ़ाया। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि 15 जुलाई की रात वह प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान पहुंचा था, जहां महिला अपनी बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने वहां पड़ी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए।

महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान 10 माह की बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसका गला दबा दिया और ईंट से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी।

खून के निशान वाली धोती बरामद

वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया और घटना के समय पहनी हुई धोती बदलकर उसे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह धोती बरामद कर ली है, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को हत्या और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में दुष्कर्म से संबंधित धारा 64 और 66 BNS भी जोड़ी गई हैं।

एसएसपी बोले- वैज्ञानिक जांच और टीमवर्क से हुआ खुलासा

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण अपराधों के खुलासे में वैज्ञानिक जांच, लगातार निगरानी और टीमवर्क सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में 1235 पदों पर निकली...

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने राज्य में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीनों पावर कंपनियों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 1235...

भिलाई में 15 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार,...

दुर्ग/भिलाई। भिलाई के खम्हरिया क्षेत्र में स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।...

भूपेश बघेल को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत,...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। सर्वोच्च न्यायालय ने भूपेश बघेल की उस याचिका को खारिज...

IPS पर एक करोड़ रिश्वत लेने का आरोप, छत्तीसगढ़...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में पदस्थ ट्रेनी आईपीएस पर एक करोड़ रिश्वत लेने के आरोप के बाद पुलिस महकमे में हडकंप मचा हुआ...