- 1990 में पहली बार बने विधायक, 4 बार के है सांसद
- CM साय के बड़े पिता और दादा भी राजनीती में रहे
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज जन्मदिन है। सुबह से उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। उन्होंने राज्य अतिथि गृह पहुना में आज सुबह भगवान जगन्नाथ एवं बलभद्र जी के रथ के पहिये का विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर भगवान जगन्नाथ से प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। नंदीघोष रथ में भगवान जगन्नाथ एवं बलभद्र के रथ का पहिया रखा गया है, जिसका रायपुर शहर के विभिन्न वार्डों में भम्रण कराया जा रहा है।


गौरतलब है कि जगन्नाथ पुरी का प्रसिद्ध मंदिर भारत के ओडिशा राज्य में स्थित है। यहां पर प्रतिवर्ष आषाढ़ (जून-जुलाई) के महीने के शुक्ल पक्ष के दूसरे दिन से रथयात्रा का कार्यक्रम शुरू होकर नौ दिनों तक चलता है। इस रथ के पहिये को पिछले 12 दिनों से रायपुर शहर के विभिन्न वार्डों में आमलोगों के दर्शन हेतु भम्रण कराया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण संयोग रहा कि आज सुबह मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के अवसर पर राज्य अतिथि गृह पहुना में भी बाजे-गाजे के साथ रथ का शुभ आगमन हुआ। इससे पूरे पहुना परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री तथा विधायक अमर अग्रवाल एवं विधायक पुरन्दर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

Birthday wishes to the dynamic Chief Minister of Chhattisgarh Shri Vishnu Deo Sai Ji. He is doing outstanding work in fulfilling the aspirations of the people of Chhattisgarh. His concern for the poor and marginalised communities is also remarkable. I pray for his long and…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 21, 2024
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्मदिन की बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, छत्तीसगढ़ के ओजस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री ने लिखा कि श्री साय छत्तीसगढ़ की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। गरीबों और वंचित समुदायों के प्रति उनकी चिंता भी उल्लेखनीय है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर दी गई शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री @vishnudsai जी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ में गरीब कल्याण व सुशासन के नए कीर्तिमान बनाएगी। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूँ।
— Amit Shah (@AmitShah) February 21, 2024
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में शाह ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार छग में ग़रीब कल्याण और सुशासन के नए कीर्तिमान बनाएगी। शाह ने मुख्यमंत्री साय के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के लिए प्रभु श्रीराम से कामना भी की है। जन्मदिन पर शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री साय ने शाह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।


मुख्यमंत्री साय का जीवन परिचय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्म 21 फरवरी सन् 1964 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखण्ड के ग्राम बगिया में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय राम प्रसाद साय और माता जसमनी देवी साय हैं। विष्णुदेव साय का विवाह 27 मई 1991 को कौशल्या देवी साय से हुआ। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी से अपनी हायर सेकेण्डरी की शिक्षा संपन्न की। विष्णुदेव साय का मूल व्यवसाय कृषि है। किसान परिवार के साय ने लंबा राजनीतिक सफर तय कर ऊंचा मुकाम हासिल किया। उन्होंने तत्कालीन अविभाजित मध्यप्रदेश में सन् 1989 में बगिया ग्राम पंचायत के पंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन शुरुआत की। साय सन् 1990 में ग्राम पंचायत बगिया के निर्विरोध सरपंच चुने गए।


1990 में पहली बार बने विधायक, 4 बार के है सांसद
साय सन् 1990 में पहली बार तपकरा विधानसभा से विधायक बने। विष्णुदेव साय 1990 से 98 तक तत्कालिन मध्यप्रदेश के विधानसभा तपकरा से दो बार विधायक रहे। विष्णुदेव साय सन् 1999 से लगातार रायगढ़ से 4 बार सांसद चुने गए। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र रायगढ़ (छत्तीसगढ़) से सन् 1999 में 13वीं लोकसभा, 2004 में 14वीं लोकसभा, सन् 2009 में 15वीं लोकसभा और 2014 में 16वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए। विष्णुदेव साय ने 27 मई 2014 से 2019 तक केन्द्रीय राज्य मंत्री के रूप में इस्पात, खान, श्रम व रोजगार मंत्रालय का प्रभार संभाला।


CM साय के बड़े पिता और दादा भी राजनीती में रहे
विष्णुदेव साय मूलतः किसान परिवार से है, लेकिन उनके परिवार के राजनीतिक अनुभव का लाभ उन्हें मिला। उनके बड़े पिता स्वर्गीय नरहरि प्रसाद साय, स्वर्गीय केदारनाथ साय लंबे समय से राजनीति में रहे। स्वर्गीय नरहरि प्रसाद लैलूंगा और बगीचा से विधायक और बाद में सांसद चुने गए। केंद्र में संचार राज्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने काम किया। स्वर्गीय केदारनाथ साय तपकरा से विधायक रहे। विष्णुदेव साय के दादा स्वर्गीय बुधनाथ साय भी सन् 1947-1952 तक विधायक रहे।


