बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार शाम को हुई वारदात में आरोपी ने युवक के सीने पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीण सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दरअसल, संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश उत्सव का पंडाल लगाया गया है। सोमवार शाम पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी के बीच साउंड सिस्टम को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान अमन ने चाकू निकालकर आकाश के सीने पर तीन-चार वार कर दिए।

हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए सिम्स पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है। पुलिस ने घटना के बाद अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर साउंड सिस्टम को लेकर विवाद सामने आया है।

