9 बजे की OPD, लेकिन 12 बजे तक डॉक्टर और स्टाफ गायब: CMHO पहुंचे इंस्पेक्शन करने तो गायब मिले डाक्टर और स्टाफ… मरीजों की कतार देख खुद ही करने लगे इलाज… 2 डॉक्टर सहित 12 को नोटिस

बिलासपुर। डाक्टरों की मनमर्जी किसी से छुपी नहीं है। बुधवार को खुद अफसरों को भी डाक्टरों की ये लापरवाही अपने नजरों से दिख गयी। हुआ यूं कि बिलासपुर के CMHO डॉ प्रमोद महाजन मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन ना तो वहां डाक्टर मिला और ना ही कोई स्टाफ। मरीजों की लंबी-लंबी कतार लगी थी, लिहाजा खुद CMHO डाक्टर प्रमोद महाजन मरीजों का इलाज करने बैठ गये।

सुबह 9 बजे से दोपहर के 12 बजे तक कोई भी डाक्टर नहीं पहुंचा तो सीएमएचओ ने 2 डाक्टर सहित 12 स्टाफ को नोटिस जारी कर एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। 2 डाक्टरों के अलावा वार्ड ब्वाय, ओटी असिस्टेंट सहित 12 से जवाब मांगा गया है।

दरअसल, CMHO डॉ. प्रमोद महाजन अपने साथ अन्य अधिकारियों को लेकर सुबह निरीक्षण पर निकल गए। डॉ. महाजन और उनकी टीम सुबह साढ़े 11 बजे स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। वहां तब तक डॉक्टर्स और स्टाफ कोई नहीं था। पूछताछ करने पर पता चला कि OPD सुबह 9 बजे खुल जाती है, लेकिन, डॉक्टर और स्टाफ नहीं पहुंचते। इसके चलते मरीज उनके इंतजार में बैठे रहते हैं।

डॉक्टर्स और स्टाफ के गायब रहने पर दर्जन भर से अधिक मरीज उनके आने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान डॉ. महाजन ने खुद मरीजों से पूछताछ कर उनका इलाज शुरू कर दिया। उन्होंने मरीजों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ ही दवाइयां भी दी।

सुबह साढ़े 11 बजे CMHO और स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंच गई। इस दौरान उनके निरीक्षण पर आने की खबर मिलते ही डॉक्टर्स और स्टाफ तक पहुंच गई। उन्हें जैसे ही खबर मिली कि CMHO दौरे पर हैं, तो दौड़ते भागते डॉक्टर्स और स्टाफ अस्पताल पहुंच गए। लेकिन, तब तक 12 बज गए थे। पूछताछ करने पर सभी अलग-अलग बहाना बनाते रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमोद महाजन ने विलंब से ड्यूटी पर पहुंचने वाले डॉ. अनिल कुमार, डॉ. पारूल जोगी, तापस विश्वास, ठाकुर प्रसाद मैत्री, कृष्ण कुमार भोई, राजेश साहू, रामायण प्रसाद साहू, एनएस भारद्वाज, संतोष प्रसाद, विनोदधर शर्मा, आईपी तिवारी, राकेश कुमार यादव को नोटिस थमाया और एक दिन की वेतन कटौती करने के निर्देश दिए हैं।

CMHO डॉ. प्रमोद महाजन ने बताया कि सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स और स्टाफ की मनमर्जी ड्यूटी करने की लगातार शिकायतें मिल रही है। यही वजह है कि उन्होंने मस्तूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जहां कई डॉक्टर व स्टाफ समय पर नहीं पहुंचे थे. उन्हें नोटिस देकर उनसे जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स और स्टाफ समय का ख्याल रखें और मरीजों का बेहतर इलाज करें। उनका यह निरीक्षण लगातार चलेगा।