अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में हैरान करने वाला वाकया हुआ. यहां एक मां ने अपने 18 महीने के बेटे की हत्या कर दी. मां चरित्र पर पति के शक करने से तंग आ गई थी. पति उससे बच्चे का DNA टेस्ट कराने के लिए कह रहा था. अक्सर इस बात पर होने वाले झगड़े से नाराज महिला ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया. मामला अनूपपुर के बिजुरी थाना इलाके की माइनस कॉलोनी का है. महिला ने बेटे की हत्या 3 अप्रैल को रात साढ़े बारह बचे की. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, 4 अप्रैल को पुलिस को जानकारी मिली कि माइनस कॉलोनी में बच्चे की हत्या हो गई है. पुलिस वहीं पहुंची और छानबीन की तो पता चला संजीत कुमार और पुष्पा के बीच घरेलू विवाद ने मासूम अविनाश की जान ले ली. पुलिस के मुताबिक, संजीत ने बताया कि उनका परिवार बिहार के सीवान जिले का है. वे सहाजी पट्टी गांव में रहते हैं. जिस वक्त बच्चे की हत्या हुई उस वक्त मां और बेटा एक रूम में थे.

पति ने सुनाई पूरी कहानी
संजीत ने पुलिस को बताया कि हम सभी को अचानक बच्चे के रोने की आवाज आई. लेकिन, फिर वह अचानक चुप भी हो गया. हमने बच्चे को हिला-डुलाकर देखा तो उसके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. साथ ही, उसके गले पर कुछ निशान थे और उसका मुंह खून से भरा हुआ था. परिवार इसके बाद बच्चे को लेकर स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी गया. यहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.

पत्नी के चरित्र पर शक
पुष्पा के ससुरालवालों ने बताया कि पिता संजीत अविनाख बेटा नहीं मानता था. शादी के बाद से ही पति, पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था. इस बात को लेकर अक्सर उनके बीच जबरदस्त विवाद होता था. मृत बच्चे का पिता चाहता था कि उसका DNA टेस्ट कराया जाए, लेकिन उससे पहले ही मां ने उसका कत्ल कर दिया. पुलिस ने बताया कि घटना की पूरी जांच के बाद जब ये बात पुख्ता हो गई कि मां ने मासूम को मारा है, तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया. अभी आगे की पूछताछ जारी है.




