दुर्ग। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से नदी, नाले उफान पर है। दुर्ग जिले में झड़ी के बीच राजनांदगांव के मोंगरा जलाशय से शिवनाथ नदी में 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिले में पिछले दो दिनों में 31 मिलीमीटर वर्षा हुई है। सोमवार को जिले में 23.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
जिले में पिछले सप्ताहभर से बदली और बारिश का दौर चल रहा है। बीच-बीच में रूक-रूक कर बारिश हो रही है। पिछले दो दिनों से लगातार झड़ी हो रही है। बताया जा रहा है कि मोंगरा जलाशय के कैचमेंट एरिया में भी लगातार बारिश हो रही है। इस साल पहली बार आज सुबह 2 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। फिर इसे बढ़ाकर 7 हजार क्यूसेक किया गया और अब पानी की मात्रा बढ़ाकर 15 हजार क्यूसेक कर दिया गया।

फिलहाल खतरे की बात नहीं
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मोंगरा जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद दुर्ग में शिवनाथ नदी पर स्थित महमरा एनीकट के 4 गेट खोल दिए गए है। विभागीय अधिकारियों की माने तो उपरी हिस्से के कोनारी, भरदा और रूदा एनीकट पूरी तरह खाली है। इससे फिलहाल महमरा एनीकट में खतरे की स्थिति नहीं है।
जिले में अब तक 144 मिमी बारिश
दुर्ग जिले में अब तक 144.7 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। इसमें सर्वाधिक बारिश 271.7 मिलीमीटर पाटन तहसील में तथा सबसे कम 84.7 मिलीमीटर तहसील धमधा में दर्ज की गई है। सोमवार को दुर्ग, पाटन और अहिवारा तहसील में जमकर बारिश हुई। दुर्ग में 32.6 मिलीमीटर, पाटन में 35.0 मिलीमीटर और अहिवारा में 36.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को बोरी में 16 मिलीमीटर, भिलाई 3 में 12.4 मिलीमीटर और तहसील धमधा में 8.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

