दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में आज अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर के 28 राज्यों और सर्विसेस के करीब 1100 पहलवान, 198 कोच और मैनेजर शामिल हो रहे हैं।
इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह, भारतीय ओलंपिक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने किया। कार्यक्रम में कुश्ती संघ के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

डोम शेड में हो रहा आयोजन, हजारों दर्शक पहुंचे
भिलाई के पोलो ग्राउंड में विशाल डोम शेड बनाकर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक भी पहुंचे हैं, जिससे आयोजन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सांसद विजय बघेल ने क्या कहा?
दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ के भिलाई में इस स्तर की राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। उन्होंने आयोजन के लिए कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जिले में बड़े ऑडिटोरियम या इनडोर स्टेडियम की कमी है, इसलिए डोम शेड बनाकर प्रतियोगिता कराई जा रही है। भविष्य में बेहतर खेल सुविधाओं के लिए इनडोर स्टेडियम और ऑडिटोरियम की मांग खेल मंत्री से की जाएगी।
बृजभूषण ने की आयोजन की सराहना
पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बिना स्थायी हॉल के इतने बड़े स्तर पर प्रतियोगिता कराना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को लाभ मिलेगा और छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है। साथ ही कुश्ती संघ से जुड़े विवादों पर उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों के कारण संघ को नुकसान हुआ था, लेकिन अब स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का विवाद नहीं है।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को भी बड़ा मंच मिलेगा, जिससे उनके खेल और करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

