दुर्ग को मिली बड़ी सौगात : सीएम साय ने किया आईटी पार्क का लोकार्पण, 40 कंपनियों ने शुरू किया काम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को दुर्ग जिले को तकनीकी विकास और रोजगार के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए सिविल लाइंस स्थित अत्याधुनिक आईटी पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने से पहले आईटी पार्क का उद्घाटन किया।

करीब 3,900 वर्ग मीटर भूमि पर निर्मित इस आईटी पार्क का कुल निर्मित क्षेत्रफल 2,907.26 वर्ग मीटर है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस परिसर में 40 बड़े ऑफिस रूम, पांच विशाल हॉल, मैस और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पूरी तरह बाउंड्रीवॉल से घिरे इस परिसर को आईटी कंपनियों के संचालन के लिए अनुकूल वातावरण के साथ विकसित किया गया है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि आईआईटी भिलाई और राज्य शासन के सहयोग से इस आईटी पार्क का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 40 आईटी कंपनियां यहां कार्यरत हैं, जबकि भविष्य में 100 से अधिक कंपनियों के संचालन की संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष की गई घोषणा आज पूरी हो गई है और इससे प्रदेश के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि आईटी पार्क की शुरुआत से दुर्ग-भिलाई क्षेत्र तकनीकी नवाचार और डिजिटल प्रगति का नया केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में 40 कंपनियों ने यहां आने की सहमति दी है और इसके लिए आईआईटी भिलाई तथा छत्तीसगढ़ सरकार के बीच एमओयू भी किया जा चुका है। भविष्य में परिसर का विस्तार कर 100 से अधिक कंपनियों और स्टार्टअप्स को यहां स्थान देने की योजना है।

आईटी पार्क की स्थापना को जिले में रोजगार सृजन, कौशल विकास और तकनीकी निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, महापौर अलका बाघमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल, चिप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभात मलिक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल तथा आईआईटी भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

PM आवास योजना पर विजय शर्मा और भूपेश बघेल...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में PM आवास योजना को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच चल रही बयानबाजी अब आमने-सामने की बहस तक पहुंच गई...

गणेश पंडाल के पास युवक की चाकू मारकर हत्या,...

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर...

वरिष्ठ नागरिक मंच कोहका का मनाया 12वां स्थापना दिवस,...

भिलाई। वरिष्ठ नागरिक मंच कोहका का 12वां स्थापना दिवस समारोह सियान सदन, टाटा लाइन कोहका में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ...

वार्डों में पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, गलियों में घूमकर...

दुर्ग। कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने सोमवार को दुर्ग-उरला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 57 एवं 58 का दौरा किया। इस...