भिलाई। शहर के सूर्या टीआई मॉल स्थित सेंसेशन स्पा सेंटर में पुलिस ने शिकायत के आधार पर रेड कार्रवाई की। पुलिस को स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिली थी। हालांकि जांच के दौरान मौके से किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर मॉल के सेकंड फ्लोर पर स्थित है। कार्रवाई के दौरान अंदर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले। मॉल प्रबंधन के अनुसार, जिस हिस्से में स्पा सेंटर संचालित है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है और वहां बिजली एवं पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। इसके बावजूद परिसर के अंदर लोगों की मौजूदगी मिलने पर पुलिस ने सभी को बाहर निकलवाया।

रेड के दौरान मिली युवतियों की भूमिका और संलिप्तता की जांच के बाद पुलिस ने करीब 7 से 8 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद की कार्रवाई की। स्पा सेंटर के संचालक से भी बाउंड ओवर भरवाया गया है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में यदि यहां किसी तरह की अनैतिक या अवैध गतिविधि सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि शहर में स्पा सेंटर की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे स्थानों पर पुलिस की चेकिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है।
इस कार्रवाई को ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर अंजाम दिया गया। टीम में CSP निशांत पाठक, DSP (IUCAW) भारती मरकाम की टीम के अलावा सुपेला थाना प्रभारी SN सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी भी शामिल रहे।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक और वहां मौजूद युवतियों को भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में संचालित अन्य स्पा सेंटरों पर भी निगरानी बढ़ाए जाने की संभावना है।

