रिसाली, दुर्ग। नगर पालिक निगम रिसाली वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद विधि यादव ने मरोदा स्थित कल्याण सागर तालाब और पशु स्नान तालाब की सफाई को लेकर निगम आयुक्त और महापौर को पुनः ज्ञापन सौंपा है।
पार्षद विधि यादव ने ज्ञापन में कहा कि दोनों तालाबों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। पिछले 3-4 सालों से वे लगातार इस मुद्दे पर महापौर शशि सिन्हा और निगम आयुक्त को ज्ञापन देकर और व्यक्तिगत रूप से मिलकर समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन शहर सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में गणेश विसर्जन, नवरात्रि, गौरा-गौरी और छठ जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। यदि त्योहारों से पहले तालाबों की सफाई नहीं कराई गई तो निगम को कर देने वाली जनता में शहर सरकार के प्रति भारी आक्रोश पनपेगा।
पार्षद ने विशेष रूप से बताया कि रिसाली निगम क्षेत्र में यादव समाज की बहुलता है और पशुओं के स्नान के लिए अलग से डबरीनुमा तालाब बनाया गया था, लेकिन वह भी पटने की कगार पर है। पशुपालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद विधि यादव ने महापौर और आयुक्त से मांग की है कि जनभावनाओं को देखते हुए दोनों तालाबों की तत्काल सफाई और गहरीकरण का कार्य शुरू कराया जाए।

